छत्तीसगढ़ में चल रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक बार फिर हमलावर हो गए हैं। उन्होंने यहां तक कह दिया कि कथित शराब घोटाले में उनका नाम जोड़ने की साजिश की जा रही है। सीएम ने कहा कि, हमने पहले ही ईडी को भाजपा का एजेंट बताया था, वह सही साबित हो रहा है। ईडी को भाजपा अपने अधीनस्थ संगठन के रूप में काम करा रही है। मूल उद्देश्य सरकार को बदनाम करना है। बिलासपुर रवाना होने से पहले सीएम बघेल मीडिया से बात कर रहे थे।
यह भी पढ़ें...Chhattisgarh ED Raid: रायपुर-भिलाई में हवाला कारोबारी, शराब ट्रांसपोर्टरों पर छापा; दुबई भेजे गए करोड़ों रुपये
भ्रष्टाचारियों पर गिरेगी हनुमान जी की गदा
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कर्नाटक चुनाव को लेकर भी भाजपा को आड़े हाथों लिया। कहा कि, भाजपा के दामन में खून के छींटे हैं, जब तक धरती लाल नहीं होती इनको चैन नहीं मिलता। कर्नाटक चुनाव पर पूरे देश की निगाहें हैं, एक तरफ़ खूब पैसा बांटा जा रहा है, दूसरी तरफ़ हमें जनता का खूब प्यार मिल रहा है। कहा कि, 13 तारीख को भाजपा को सबक मिल जाएगा। बजरंगबली की कृपा कांग्रेस पर ही रहेगी। हनुमान जी का गदा अन्यायी और अत्याचारियों पर चलती है, भ्रष्टाचारियों के सिर पर गदा गिरेगी।