कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बजरंग दल पर बैन लगाने की घोषणा की है। इसे लेकर घोषणापत्र में वादा भी किया है। कांग्रेस का दावा है कि कर्नाटक में सरकार आने पर इस जैसे संगठनों पर पाबंदी लगाई जाएगी। इसके बाद से सियासी माहौल गरमा गया है। कांग्रेस के वादे के बाद ऐसा ही कुछ माहौल छत्तीसगढ़ में भी बनना शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में बजरंग दल पर बैन लगाने को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि, यहां भी विचार किया जा सकता है।
दरअसल, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मीडिया ने बजरंग दल पर बैन लगाने को लेकर सवाल पूछा था। इस पर सीएम बघेल ने कहा कि, वहां क्या हो रहा, यहां क्या होगा, यहां कि परिस्थितियों में बजरंगियों ने गड़गड़ की तो उन्हें ठीक कर देंगे। ठीक कर भी दिया है। जरूरत पड़ी तो यहां भी बैन के लिए सोचा जाएगा, लेकिन वहां अभी कि समस्या के हिसाब से वहां के पार्टी के पदाधिकारियों ने तय किया है। मोदी जी ने कर्नाटक में बोला कि आधा लीटर दूध हर घर में देंगे, तो मध्य प्रदेश में दे रहे हैं क्या? ये सब कर्नाटक की बात है।
मुख्यमंत्री बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। कहा कि, मोदी जी फेंकने में बहुत माहिर हैं। वह कबीर जी को, गुरू गोरखनाथ जी को एक साथ बिठा देते हैं। कहते हैं कि वह एक साथ बैठकर चर्चा करते हैं। कौन किस सदी में हुआ। जो चीज पाकिस्तान में हुई है उसे बिहार का बता देते हैं। जनसंख्या जितनी नहीं है उतना बता देते हैं। बैन बजरंग दल पर लगाने की बात हुई है, बजरंग बलि पर नहीं। बजरंग बलि हमारे आराध्य हैं उनके नाम पर कोई गुंडागर्दी करे ये उचित नहीं है। बजरंग दल के सदस्यों ने यहां भी उत्पात मचाया है। कानून का काम कानून करेगा।
कांग्रेस का मूल चरित्र हिंदू विरोधी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस के मूल चरित्र को हिंदू विरोधी बताया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने सितंबर 2022 में पीएफआई को पहले ही बैन कर दिया है। कर्नाटक में कांग्रेस ने सिर्फ अपनी तुष्टीकरण की नीति के तहत घोषणा पत्र में पीएफआई के साथ बजरंग दल का नाम लेकर हिंदू संगठन को बदनाम करने की साजिश रची है। कहा कि, हम हमेशा कहते हैं कि कांग्रेस का मूल चरित्र हिंदू विरोधी है। वह राम का नाम सिर्फ और सिर्फ वोट लेने के लिए जपती हैं। जैसे ही उनका उद्देश्य खत्म होता है कोट के ऊपर पहना जनेउ उतार देती हैं।
प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल सरकार भी उसी वोट लेने की नीति के तहत समय-समय पर राम का नाम लेने का दिखावा करती है। अगर भूपेश बघेल सचमुच प्रभु श्रीराम के भक्त हैं तो मंगलवार के दिन बजरंगबली के भक्तों का अपमान करने वाले मल्लिकार्जुन खड़गे कि उन्हें निंदा करनी चाहिए। बजरंग बली की जय बोलने वाले बजरंग दल के सदस्यों को बैन करने की बात कहने वालो का भूपेश बघेल समर्थन करते है। कहा कि भूपेश बघेल जितना भी दिखावा कर लें, लेकिन जनता कालनेमि को पहचानती है।