कार्यक्रम के दौरान गिरिराज सिंह ने संस्था के संस्थापक आचार्य सुरेंद्र प्रताप सिंह का विशेष अभिनंदन शॉल एवं श्रीफल भेंट कर किया और उनके शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रनिर्माण के क्षेत्र में दिए जा रहे योगदान की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी एवं भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े विषयों पर आधारित पुस्तकें भी भेंट स्वरूप प्रदान कीं।
अपने उद्बोधन में उन्होंने उपस्थित विभिन्न विद्यालयों के संचालकों से आग्रह किया कि सभी संस्थानों को सोलर ऊर्जा को अपनाना चाहिए, जिससे देश आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान कर सके।
विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रभक्ति एवं भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि हॉली हार्ट स्कूल जिस प्रकार बच्चों में राष्ट्रवाद, संस्कार एवं नेतृत्व क्षमता का विकास कर रहा है, वही विकसित भारत 2047 के स्वप्न को साकार करने की मजबूत नींव है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।