Raipur South bypoll Result 2024: छत्तीसगढ़ के रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव को लेकर आज सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है, जो शाम तक स्पष्ट हो जायेगा। यहां पर सीधा मुकाबला कांग्रेस-बीजेपी के बीच रहा। युवा नेता आकाश शर्मा कांग्रेस प्रत्याशी हैं। वहीं रायपुर से सांसद रह चुके सुनील सोनी बीजेपी के प्रत्याशी हैं। रायपुर दक्षिण बीजेपी का अभेद किला रहा है। क्योंकि बृजमोहन अग्रवाल रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट से आठ बार के विधायक रह चुके हैं। वर्तमान में बृजमोहन अग्रवाल रायपुर के सांसद हैं।
कौन हैं आकाश शर्मा ?
आकाश शर्मा छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वो सात साल तक एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव 2023 में भी अपनी दावेदारी पेश की थी। साल 2018 और साल 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में टिकट मांगी थी। उस दौरान आकाश शर्मा को पार्टी ने टिकट नहीं दिया। इस बार कांग्रेस ने उन पर भरोसा जताया है। कांग्रेस ने 35 साल के युवा पर दांव लगाकर लड़ाई को रोचक कर दिया है। प्रत्याशी आकाश शर्मा ने छात्र जीवन में अपनी राजनीतिक सफर की शुरुआत की। साल 2014 से 2020 तक आकाश शर्मा एनएसयूआई छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रहे। 2018 में वह एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव बने। इसके बाद वर्तमान में छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं।