राजधानी रायपुर की डीडी नगर और माना थाना क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने जिला दुर्ग निवासी संजू निषाद को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से दो चोरी की बाइक बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपए बताई जा रही है।
पहला मामला तब सामने आया जब ग्राम सोनपैरी निवासी प्रार्थी प्रेमलाल साहू ने थाना डीडी नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2025 को वे अपनी होंडा मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-04-NF-3094) में महादेव घाट मंदिर गए थे। शाम करीब 7.30 बजे उन्होंने बाइक को महादेव ग्रेनाइट टाइल्स के पास रोड किनारे खड़ा किया था। लगभग एक घंटे बाद लौटने पर उन्होंने देखा कि बाइक वहां से गायब है। आसपास तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला। मामले में थाना डी.डी.नगर ने अपराध क्रमांक 279/25 धारा 303(2) BNS के तहत FIR दर्ज की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिरों को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान टीम को एक संदिग्ध युवक के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिला। पता तलाश के बाद पुलिस ने जिला दुर्ग निवासी संजू निषाद को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने महादेव घाट क्षेत्र से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस द्वारा कड़ी पूछताछ करने पर आरोपी ने माना थाना क्षेत्र से भी एक और बाइक चोरी करने का खुलासा किया। इस संबंध में थाना माना में अपराध क्रमांक 85/25 धारा 303(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त कर लीं, जिनकी कीमत करीब 80 हजार रुपए आंकी गई है। पकड़े गए आरोपी की पहचान संजू निषाद पिता यशवंत साहू, ग्राम तुलसी, थाना पाटन, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।