Raipur Nagar Nigam Election 2025: रायपुर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी दीप्ति प्रमोद दुबे के प्रचार-प्रसार में पूर्व मेयर एजाज ढेबर का पोस्टर से तस्वीर गायब होने और उनकी गैर मौजूदगी पर रायपुर में सियासत गरमाई हुई है। इस मामले में लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। दुबे के चुनाव प्रचार के पोस्टर्स से ढेबर की तस्वीर गायब होने को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। अब इस केस में पूर्व मेयर ढेबर ने कहा कि मैं मुस्लिम हूं, शायद इस वजह से मुझे किनारा किया जा रहा है। हालांकि सिर्फ फोटो नहीं होना कोई आधार नहीं है। वो पार्षद चुनाव लड़ रहे हैं। कुल 70 पार्षद चुनाव लड़ रहे हैं। पोस्टर में फोटो नहीं होने का ये भी कारण हो सकता है। उनके इस बयान से रायपुर की राजनीति गर्म है।
दूसरी ओर परिवार से दो लोगों को टिकट मिलने पर बीजेपी के परिवारवाद वाले बयान पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि प्रफुल्ल विश्वकर्मा, प्रमोद साहू, रोहित साहू, गोलछा क्या इनके परिवार वाले कभी चुनाव लड़े हैं? हम उस सीट से चुनाव लड़ते आ रहे थे जो महिला हुई है, इस वजह से मेरी पत्नी चुनाव लड़ रही है। इसके साथ ही रायपुर नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार को लेकर बीजेपी मेयर प्रत्याशी मीनल चौबे के जांच कराने वाले बयान को चुनावी प्रोपेगेंडा बताया।
बीजेपी मेयर प्रत्याशी मीनल चौबे पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले पांच साल नेता प्रतिपक्ष रहते हुए उन्होंने क्या किया है। पांच साल के अंदर भी कोई जांच नहीं करा पाई। प्रदेश में डेढ़ साल से बीजेपी की सरकार है और वो नेता प्रतिपक्ष रही तो जांच करा लेना चाहिये था। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन धमकी-चमकी देने में लगा है। हमारे पांच आदमी और अभिकर्ताओं को उठा लिया गया है। धमकी दी गई है कि यदि कही दिखे तो भी उठा लिए जाएंगे। रायपुर में गुंडाराज चल रहा है। कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है पर अति का अंत जरूर होता है। मतदान को लेकर दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस अधिकांश सीटें जीत रही है। उनके और उनकी पत्नी के दोनों वार्ड में जीत तय होनी तय है।