राजधानी रायपुर में पुलिस प्रशासन की ओर से देर रात तक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान एक पुलिसकर्मी की घिनौंनी हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस सर्चिंग के दौरान शराब के नशे में धुत एक पुलिसकर्मी मंदिर की सीढ़ी पर खड़े होकर पेशाब कर रहा था। इसका वीडियो एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। मामला रायपुर स्थित आमापारा मंदिर क्षेत्र का है। पुलिस विभाग ने आरोपी पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है।
सनातन धर्म में मंदिरों को आस्था का केंद्र माना जाता है। वहीं एक पुलिसकर्मी मंदिर के सीढ़ी पर चढ़कर पेशाब करते हुए वीडियो में दिख रहा है। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी राजधानी रायपुर में चेकिंग अभियान के दौरान शराब के नशे में धुत होकर ड्यूटी कर रहा था। इस दौरान उसने घटना को अंजाम दिया, जिसका वीडियो एक व्यक्ति ने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर लिया। वह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामले में सूचना मिलते ही एसपी प्रशांत अग्रवाल ने उस पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई के लिए आदेश जारी कर दिया है। उसे मौके पर ही सस्पेंड कर दिया गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए किसी भी अन्य पुलिसकर्मी को इस तरह की हरकत करते हुए पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।