कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भुरे और एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने मतदान केंद्रो जायजा लिया
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को महज ढाई महीने ही शेष बचे हैं। ऐसे में निर्वाचन अधिकारी समेत कई अधिकारी लोगों को मतदान के लिए जागरूक कर रहे हैं। मतदाताओं को मतदान केंद्रो पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और पूरी सुरक्षा से मताधिकार का प्रयोग करना सुनिश्चित करने के लिए आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सर्वेश्वर भुरे और एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने रायपुर शहर के 10 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया है।
कलेक्टर ने मतदान केन्द्रों में फर्नीचर, बिजली व्यवस्था, पेयजल, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप, शौचालय आदि मूलभूत व्यवस्थाएं देखीं। इस दौरान अग्रवाल ने मतदाताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केंद्रों का निरीक्षण किया। कलेक्टर और एसएसपी रायपुर उत्तर, रायपुर ग्रामीण सहित रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रो पर पहुंचे। कलेक्टर ने मतदाताओं की सुविधा के लिए डीएफओ कार्यालय परिसर के एक मतदान केंद्र में प्रवेश का स्थान व्यवस्थित करने को कहा। उन्होंने जिला पंचायत कार्यालय, देवेन्द्र नगर मतदान केन्द्र, जल संसाधन कार्यालय सहित उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों में भी उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया।
दिव्यांगों के लिए घर पहुंच सेवा
प्रदेश में मतदान से पहले सभी आवश्यक व्यवस्था के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। कलेक्टर ने कई मतदान केंद्रों में दिव्यांगों के लिए रैंप व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौजूद मतदाताओं से चर्चा कर अपने मत का अनिवार्य रूप से उपयोग करने को कहा। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल तैनाती को लेकर भी कलेक्टर से चर्चा किए।
मतदाता केंद्र में सहायता केंद्र उपलब्ध
मतदान केंद्रों में कलेक्टर ने 100 मीटर के भीतर मतदाता सहायता केंद्र बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उपस्थित बीएलओ से मतदान केंद्रवार मतदाताओं की संख्या भी पूछी। कलेक्टर ने मतदान केंद्रवार दिव्यांग मतदाताओं की पहचान कर उन्हें मतदान के लिए केंद्र तक लाने की सुविधा भी देने को कहा। डॉ. भुरे ने दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिए मतदान केंद्रों में व्हील चेयर, छड़ी आदि का व्यवस्था करने के निर्देश दिए।