आश्रम तिराहे पर स्थित बार में छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की मांग को लेकर ग्राहकों और बार कर्मचारियों के बीच हिंसक विवाद हो गया। 25 अक्तूबर की रात करीब साढ़े 11 बजे हुई इस घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। झगड़े में दोनों तरफ के लोग घायल हुए हैं।मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाने की मांग को लेकर हुआ विवाद
घटना 25 अक्तूबर की देर रात करीब साढ़े 11 बजे की है। 32 वर्षीय ग्राहक योगेश चिचोलकर अपने दो साथियों तरुण दास और घनश्याम के साथ बार में आए थे। बार के भीतर शराब पीने के दौरान छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की बात पर उनका कर्मचारियों के साथ विवाद शुरू हो गया। ग्राहक पक्ष की ओर से दर्ज शिकायत के अनुसार बार में गाना बजाने का अनुरोध करने पर कर्मचारियों ने मना कर दिया और विवाद बढ़ गया। विरोध करने पर बात हाथापाई तक पहुंच गई।
बैट-बल्ले से मारपीट का आरोप
ग्राहक योगेश चिचोलकर ने आरोप लगाया कि बहस बढ़ने पर बार कर्मी दीपक मिश्रा, बबलू सिंह और उनके अन्य साथियों ने गाली-गलौज की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और बैट-बल्ले से उन पर हमला कर दिया। मारपीट की इस घटना में योगेश के चेहरे, गर्दन, पीठ तथा दाएं पैर में चोट आई है। उनका बचाव करने आए साथी तरुण दास और घनश्याम को भी चोटें लगी हैं। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
ये भी पढ़ें: रायगढ़ में सनसनीखेज वारदात: बिरयानी और नशे के लिए बदमाशों ने सड़क किनारे सो रहे शख्स को गोद डाला, 5 गिरफ्तार
बार कर्मी की शिकायत पर केस दर्ज
दूसरी शिकायत बार में वेटर का काम करने वाले 20 वर्षीय दीपक मिश्रा ने दर्ज कराई है। दीपक का आरोप है कि ग्राहक योगेश, तरुण दास और घनश्याम बार में आकर जबरन छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की जिद कर रहे थे। मना करने पर ग्राहकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।
हमले में दीपक के चेहरे पर चोट पहुंची है। घटना के दौरान मैनेजर उदय सिंह और वेटर बबलू सिंह ने बीच-बचाव किया। पुलिस ने दीपक की तहरीर पर दूसरा मामला दर्ज किया। अब आजाद चौक थाना पुलिस दोनों एफआईआर के आधार पर घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाने में लगी है।