जिले के तमनार रेंज में पिछले 15 दिनों से अधिक समय से 49 हाथियों का दल दो अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहा है। बुधवार शाम सामारूमा और अमलीडीह के बीच हाथियों का यह दल सड़क पर आ पहुंचा। इस दौरान एक हाथी सड़क के बीचोंबीच बैठ गया, जबकि बाकी हाथी आसपास घूमते रहे। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग और हाथी मित्र दल के सदस्यों ने मोर्चा संभाला और मार्ग के दोनों तरफ वाहनों को रोक दिया। हाथियों के वापस जंगल लौटने के बाद ही आवाजाही शुरू हो सकी।
हाथियों के सड़क पर आने से रायगढ़-घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। यह दल पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से हर शाम सामारूमा सड़क पर आ रहा है। शाम 5 बजे के बाद हाथी एक जंगल से दूसरे जंगल जाने के लिए निकलते हैं और इस दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर पहुंच जाते हैं। बुधवार शाम जब एक हाथी सड़क पर बैठ गया तो वन विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से दोनों ओर से वाहनों को रोक दिया। वन कर्मचारियों ने हाथियों के सुरक्षित जंगल जाने के बाद ही राहगीरों को सड़क से गुजरने दिया।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़-ओडिशा महानदी जल विवाद: समाधान की दिशा में बड़ी पहल; इस मुद्दे पर दोनों राज्यों के बीच बनी सहमति
वन विभाग की लगातार निगरानी
घरघोड़ा सबडिवीजन के एसडीओ आशुतोष मंडावा ने बताया कि वन विभाग की टीम हाथियों के दल पर लगातार नजर रख रही है। हाथियों के सड़क पार करने की जानकारी मिलते ही वन अमला और हाथी मित्र दल के सदस्य दोनों तरफ से गाड़ियों को रोक देते हैं ताकि हाथी सुरक्षित सड़क पार कर सकें। उन्होंने बताया कि बुधवार को सड़क पर बैठा हाथी कुछ देर बाद अपने पूरे दल के साथ वापस जंगल की ओर चला गया।