छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में काम करके घर लौट रहे एक मजदूर से रास्ता रोककर, डरा-धमका कर 3200 रुपये की नगदी लूट ली गई। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र के दर्रीडीपा के पास हुई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आदतन बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 31 वर्षीय दिलीप राठिया दो नवंबर को काम खत्म होने के बाद अपने भतीजे भानु राठिया के साथ मोटर साइकिल पर घर लौट रहा था। जो लैलूंगा रोड स्थित सोटु सेठ के पास मजदूरी का काम करता है।
दिलीप ने अपनी शर्ट की जेब में मजदूरी के 3200 रुपये रखे थे। रात करीब 8 बजे जब वे दर्रीडीपा के पास पहुंचे, तो नेगीपारा निवासी देव कुमार पैंकरा और हरेन्द्र पैंकरा ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवा ली। आरोप है कि दोनों बदमाशों ने दिलीप को डरा-धमका कर उसकी जेब से 3200 लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित दिलीप राठिया ने बताया कि दोनों आरोपी आदतन बदमाश हैं। परिवार में सलाह-मशविरा के बाद, उन्होंने अगले दिन शाम को घरघोड़ा थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2) और 304(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।