रायगढ़ में शादी कार्ड खरीदने और एटीएम से पैसा निकालने आए युवक से लिफ्ट लेकर तीन आरोपियों ने 35 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार किया।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवक से 35 हजार रुपये की लूट हुई है। शादी कार्ड खरीदने और एटीएम से पैसे निकालने आए युवक को लिफ्ट देकर तीन आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को 2 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
विज्ञापन
यह मामला खरसिया चौकी क्षेत्र का है। पीड़ित संजय सिंह सिदार (30) ने 1 जून 2026 को खरसिया चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 29 मई 2026 को वह शादी कार्ड लेने और एटीएम से पैसे निकालने खरसिया आया था।
इस दौरान उसने एटीएम से 35 हजार रुपये निकाले और फिर शराब दुकान गया। वहां उसकी मुलाकात छोटू उर्फ विक्की उर्फ विकेश्वर चौहान से हुई, जिसने मोटरसाइकिल में साथ चलने की बात कही।
विज्ञापन
पीड़ित उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर बंधवा तालाब स्थित पीपल पेड़ के पास पहुंचा। वहां पहले से द्वारिका चौहान और राहुल सिदार मौजूद थे। तीनों आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी और उसके पास रखे 35 हजार रुपये लूटकर अटल आवास की ओर फरार हो गए।
इस घटना के बाद पीड़ित ने अपने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद उसने चौकी पहुंचकर मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित की शिकायत के बाद खरसिया चौकी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने छोटू उर्फ विक्की उर्फ विकेश्वर चौहान, द्वारिका चौहान और राहुल सिदार को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना करना स्वीकार किया।
आरोपियों ने बताया कि लूटी गई 35 हजार रुपये की राशि में से 32 हजार 500 रुपये शराब और अन्य खर्चों में खर्च कर दिए गए हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से शेष 2 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए। घटना से संबंधित दो चलभाष भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।