राहुल गांधी के अगले माह छत्तीसगढ़ के दौरे पर आने के फैसले से प्रदेश कांग्रेस में हड़कंप मच गया है। यहां राहुल गांधी किसी भी एक जिले या ब्लॉक कांग्रेस की बैठक लेंगे और बैठक लेने के एक दिन पहले ही सूचित करेंगे। इसके चलते मुस्तैदी दिखाते हुये प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल ने बैठक बुलाकर अपने मातहत पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने मार्च में राहुल गांधी राज्य के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे किसी भी ब्लॉक व जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक लेंगे। इसे देखते हुये प्रदेश अध्यक्ष द्वारा मंगलवार को बुलाई गई बैठक में 15 दिनों के अंदर जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को सक्रिय करने को कहा गया है। साथ ही जहां कार्यालय नहीं है वहां कार्यालय बनाने और आधुनिक संचार सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने प्रभारी महामंत्रियों को हर माह अपने प्रभार क्षेत्र वाले जिलों में बैठक लेने को कहा है। भाजपा की तरह अब कांग्रेस के जिला व ब्लॉक कांग्रेस कार्यालयों में भी कंप्यूटर व इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जहां कार्यालय नहीं हैं, वहां 15 दिनों के भीतर प्रारंभ करने को कहा गया है। कामकाज संभालने वाले प्रभारी मंत्री की नियुक्ति भी इसी बीच कर दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त होली के बाद सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में परिवर्तन यात्रा निकाली जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार पटेल ने पदाधिकारियों की बैठक में बताया कि होली के बाद सभी विधानसभा क्षेत्रों में परिवर्तन यात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए तैयारी अभी से शुरू कर दी जाए। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए परिवर्तन यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा में राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता को अवगत कराया जाएगा।