राहुल गांधी ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज जैसे ही मैं यहां आया मेरे हाथ में रिमोट कंट्रोल दिया गया, कहा गया आप बटन दबाइए और मेरे बटन दबाते ही एक दो सेकंड में हजारों करोड़ रुपए गरीब और जरूरतमंद हितग्राहियों के बैंक खातों में आ गए। छत्तीसगढ़ की सरकार आज गरीबों के आवास बनवाने के लिए पैसे दे रही है। आज 12 सौ करोड़ रुपए रिमोट कंट्रोल से आपके खाते में आए हैं, आने वाले सालों में भी आपके खाते में इसी तरह पैसे आएंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने सम्बोधन में कहा आवास न्याय योजना सम्मेलन में आए हितग्राही साथियों को बहुत-बहुत बधाई। आवास योजना किस सरकार ने कब शुरू की 1985 में जब राजीव प्रधानमंत्री थे तब शुरू हुई, इस योजना का नाम उस समय इंदिरा आवास योजना था। आज यह प्रधानमंत्री आवास योजना है। सीएम ने कहा कि जनगणना नहीं हुई है, आर्थिक सर्वेक्षण नहीं हुआ। आज जिन्हें योजना का लाभ मिल रहा है वह 2011 के जनगणना के आधार पर मिल रहा है। आज राहुल जी ने एक बटन दबाया और 7 लाख लोगों के खाते में पैसे पहुंच गए हैं।
महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया ने सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ महिला सशक्तिकरण की ओर बढ़ रहा है। महिलाओं का मान-सम्मान बढ़ा है और उन्हें आत्मबल मिला है।
राज्य स्तरीय आवास न्याय सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा समेत कई मंत्री और कांग्रेसी नेता शामिल होंगे। ग्रामीण आवास न्याय योजनांतर्गत प्रथम चरण में राज्य के 47,090 आवासहीन परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है। आगामी वर्षों में चरणबद्ध रूप में कुल 10 लाख 76 हजार हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की स्थायी प्रतीक्षा सूची के शेष बचे 6,99,439 पात्र परिवारों को आवास स्वीकृति का निर्णय छत्तीसगढ़ सरकार ने लिया है ।
क्या है ग्रामीण आवास योजना का उद्देश्य
ग्रामीण आवास योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेघरों और कच्चे मकान वाले परिवार को वित्तीय सहायता देना है। इस योजना के जरिए 30,000 हितग्राहियों को आवास विकास पत्र बांटे जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के एक लाख हितग्राहियों को 25-25 हजार रुपये की पहली किश्त मिलेगी। मुख्यमंत्री निर्माण आवास श्रमिक योजना के 500 लाख हितग्राहियों को 1-1 लाख रुपये की राशि बांटी जाएगी।