लोक निर्माण विभाग के कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता बढ़ाने को लेकर विभागीय स्तर पर बड़ी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में हुई बैठक में विभागीय कामकाज, चल रही परियोजनाओं और आगामी निर्माण कार्यों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विज्ञापन
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक पूरे किए जाएं। इसके साथ ही विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकी उपकरणों, डिजिटलीकरण और सॉफ्टवेयर आधारित सिस्टम का अधिक उपयोग करने पर जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और समय पर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जनहित को प्राथमिकता में रखते हुए कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।
विज्ञापन
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि जियो-इन्फॉर्मेटिक्स तकनीक के माध्यम से निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग, मैपिंग और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट को अधिक व्यवस्थित बनाया जा रहा है। साथ ही टेंडर आवंटन, बिलिंग और भुगतान प्रक्रिया को भी तकनीकी रूप से मजबूत किया जा रहा है। प्रदेशभर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान अधिकारियों और ठेकेदारों के कार्य निष्पादन पर भी चर्चा हुई। बैठक में रायपुर के कचना रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी भी ली गई।