राजधानी रायपुर के महंत लक्ष्मीनारायण कॉलेज परिसर में रायपुर पुलिस के सामुदायिक पुलिसिंग अभियान 'संवाद से समाधान' के तहत मेगा पुलिस–छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गांधी मैदान के सामने स्थित कॉलेज परिसर में कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आयोजित हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने “संवाद से समाधान” अभियान के उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य मकसद आम जनता और विशेषकर युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझना, पुलिस पर भरोसा मजबूत करना और साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
साइबर ठगी से बचाव के बताए गए उपाय
एसीपी दीपक मिश्रा ने छात्रों को तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ओटीपी फ्रॉड, फर्जी केवाईसी अपडेट, ऑनलाइन लोन ऐप, सोशल मीडिया हैकिंग और फर्जी कॉल व लिंक के जरिए होने वाली ठगी के उदाहरण साझा किए। उन्होंने मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, संदिग्ध लिंक से दूरी और व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने जैसे उपाय अपनाने की सलाह दी। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की।
नशा मुक्ति और ट्रैफिक नियमों पर भी चर्चा
थाना प्रभारी सतीश सिंह गहरवार ने नशा मुक्ति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नशे की अवैध बिक्री और तस्करी की सूचना नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो हेल्पलाइन 1933 पर पूरी गोपनीयता के साथ दी जा सकती है। वहीं ट्रैफिक शाखा के एएसआई टी.के. भोई ने सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, ट्रैफिक नियमों के पालन और सुरक्षित वाहन चलाने के तरीकों पर छात्रों से संवाद किया।
'Know Your Police' के तहत हेल्पलाइन की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को विभिन्न पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। आपात स्थिति में डायल 112, कंट्रोल रूम 9479191099, महिला हेल्पलाइन 9479210932, साइबर हेल्पलाइन 1930 और ट्रैफिक हेल्पलाइन 9479191234 पर संपर्क करने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने पुलिस अधिकारियों से सवाल पूछे और कॉलेज व क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़े सुझाव भी साझा किए। रायपुर पुलिस ने इस अभियान के माध्यम से समाज से संवाद मजबूत करने और समस्याओं के समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।