कोंडागांव जिले में पुलिस ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 28 पेटी (1400 बोतल) गोवा शराब बरामद की गई। जिसकी कीमत 1,89,000 रुपये बताई जा रही है।
केशकाल थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता प्राप्त की है। 10 अगस्त 2024 की सुबह लगभग आठ बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार (क्रमांक सीजी 07 एएच 0786) में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने केशकाल घाटी में एमसीपी लगाया और मोड़ क्रमांक 1 पर कार को रोकने की कोशिश की।
विज्ञापन
जब पुलिस ने कार की घेराबंदी की तो आरोपी कार को मोड़कर कांकेर की ओर भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध कार का पीछा किया और मोड़ क्रमांक 1 के पास आरोपी को पकड़ लिया। फॉर्च्यूनर कार की तलाशी लेने पर उसकी डिग्गी में 28 पेटी (1400 बोतल) गोवा शराब, जिसकी कीमत लगभग 1,89,000 रुपये है, मिली। इसके अलावा, कार की कीमत करीब 20 लाख रुपये थी, जिससे कुल 21,89,000 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई।
आरोपियों की पहचान माइकल उर्फ आनंद केरकेट्टा (32) और डाकेश्वर सिंह वर्मा (28) के रूप में हुई। वे बैतूल (मध्यप्रदेश) से शराब खरीदकर जगदलपुर में तस्करी करने जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत कार्रावाई की और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा।