रायगढ़ पुलिस ने साइबर ठगी का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों से 91 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा किया है। आरोपी समारा ट्रेडिंग एप के नाम पर फर्जी निवेश के बहाने रकम ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 22 फरवरी 2024 को पीड़ित राजेश गबेल को एक व्हाट्सएप लिंक के जरिए एक ग्रुप में जोड़ा गया, जहां शेयर ट्रेडिंग में पांच से सात प्रतिशत तक लाभ का प्रलोभन दिया गया। आरोपियों ने पीड़ित से समारा प्रो एप डाउनलोड कराकर उसमें निवेश शुरू कराया और कुल 91 लाख रुपये निवेश करा लिए। बाद में जब निवेशित शेयरों को बेचना संभव नहीं हुआ, तब उसे ठगी का अहसास हुआ।
देहरादून के बैंक खातों में ट्रांसफर रकम
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि पीड़ित की रकम देहरादून स्थित बैंक खातों में ट्रांसफर हुई है। प्रशिक्षु आईपीएस हर्षित मैहर थाना प्रभारी खरसिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने देहरादून पहुंचकर खाता धारक शेखर थपलियाल का पता लगाकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसके जॉइंट अकाउंट होल्डर कुलदीप सिंह रावत और मुख्य सरगना आशीष अग्रवाल का नाम सामने आया। पुलिस ने दोनों को भी स्थानीय पुलिस की मदद से दबोच लिया।
ऑनलाइन धोखाधड़ी के 55 शिकायत दर्ज
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आशीष अग्रवाल विभिन्न लोगों से बैंक अकाउंट और लिंक्ड मोबाइल नंबर पर कमीशन लेकर प्राप्त करता था और फर्जी ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर निवेश कराकर ठगी करता था। इस गिरोह द्वारा उपयोग किये गये मोबाइल नंबरों के खिलाफ उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में कुल 55 ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करीब छह करोड़ रुपये के लेन-देन का रिकॉर्ड सामने आया है। आरोपियों के खिलाफ खरसिया के अलावा 3 और अपराध आजमगढ़ और बलिया (उत्तर प्रदेश) में पंजीबद्ध हैं।
तीनो आरोपियों को भेजा गया जेल
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को देहरादून से ट्रांजिट रिमांड पर रायगढ़ लाया गया है। उनके पास से 3 मोबाइल फोन, आईडीएफसी बैंक का संयुक्त खाता चेकबुक और सील जब्त की गई है। न्यायालय में प्रस्तुत कर सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में विवेचना जारी है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
1. शेखर थपलियाल पिता प्रेमचंद थपलियाल उम्र 34 वर्ष साकिन डॉडी मोथस्से वाला रोड वार्ड क. 85 देहरादून थाना नेहरू कालोनी जिला देहरादून (उत्तराखंड)।
2. कुलदीप सिंह रावत पिता स्व० जैकृत सिंह रावत उम्र 39 वर्ष साकिन डॉडी मोथखे वाला रोड वार्ड क. 85 देहरादून थाना नेहरू कालोनी जिला देहरादून (उत्तराखंड)।
3. आशीष अग्रवाल पिता कपिल अग्रवाल उम्र 34 वर्ष साकिन डुई वाला देहरादून रोड थाना डुईवाला कोतवाली जिला देहरादून (उत्तराखंड)।