लुंड्रा में पिता की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
लुंड्रा पुलिस ने पिता की हत्या कर फरार चल रहे आरोपी पुत्र अशोक चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वेल्डिंग मशीन तोड़ने की बात से नाराज होकर अपने पिता की हत्या की थी। पुलिस ने पूर्व में घटना में प्रयुक्त डंडा, लोहे का पाइप, टांगी और टूटा हुआ बैट बरामद किया था।
जानकारी के अनुसार, लुंड्रा पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम जामडीह में अशोक चौहान ने अपने पिता हरिहर चौहान की हत्या कर दी है। जांच में मृतक के छोटे पुत्र अशुतोष और परिजनों ने बताया कि 7 फरवरी 2025 को अशोक ने अपने भाई को फोन कर बताया कि पिता ने वेल्डिंग मशीन तोड़ दी, जिससे गुस्से में आकर उसने पिता की मारपीट कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, जो घटना के बाद से फरार था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अशोक को उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया और बताया कि हत्या में प्रयुक्त डंडा, लोहे का पाइप, टांगी और टूटा बैट घटनास्थल पर छोड़ दिया था, जिसे पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी थी। आरोपी के खिलाफ सबूतों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।