भखारा पालिका बाजार की चार दुकानों में चोरी करने वाले तीन नाबालिग सहित छह आरोपियों को सायबर सेल और भखारा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, आरोपियों पास से चोरी का समान, नकदी रकम सहित दो मोटरसाइकिल को जब्त किया है।
बताया जा रहा है कि 11-12 जनवरी की रात को कुछ अज्ञात चोरों ने भखारा पालिका बाजार की चार दुकानों के ताले तोड़कर नकदी रकम सहित दुकानों में रखे सामानों कीमत लगभग 85,000 रुपये को चोरी की थी। एक ही रात में चार दुकानों में चोरी होने से सनसनी फैल गई थी। सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल की। वहीं, अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई थी।
मुखबिर की सूचना और मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने रायपुर से तीन नाबालिग सहित छह आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान चोरी करना स्वीकार किया और आरोपियों के पास से नकदी रकम, कॉस्मेटिक का समान सहित दो मोटरसाइकिल को जब्त किया गया है। गिरफ्तार किए गए अमन मरकाम, हर्ष कुमार साहू और अज्जू देवार तीनों निवासी रायपुर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया और तीन नाबालिग बालकों को किशोर न्याय बोर्ड भेजा गया है।