राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना पुलिस ने घर पर पटाखा फेंककर दहशत फैलाने और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने माना थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देना भी कबूल किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 4 बालिग, एक अपचारी बालक और एक अपचारी बालिका शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 मई 2026 की रात करीब 1 बजे वीर सावरकर नगर, हीरापुर निवासी रिंकु तिवारी के घर पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पटाखा फेंककर हमला किया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी थी। मामले में कबीर नगर थाना में अपराध क्रमांक 104/25 के तहत धारा 296, 351(2), 3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत केस दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कबीर नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर कुल 6 आरोपियों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू पटेल, आकाश पासवान, सूरज सिंह और शेख कलीम के रूप में हुई है। इनके अलावा एक अपचारी बालक और एक अपचारी बालिका को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर माना थाना क्षेत्र के बोरियाकला स्थित एक खिलौने की दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू जब्त किया है। सभी बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है, जबकि अपचारी बालक और बालिका को नियमानुसार बाल न्यायालय एवं किशोरी बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रायपुर कमिश्नरेट पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। कबीर नगर पुलिस की तत्परता से न केवल धमकी देने वाले आरोपी पकड़े गए, बल्कि चोरी की एक अन्य वारदात का भी खुलासा हुआ है।