जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में कार्रवाई कर सात गाय-बैलों को क्रूरतापूर्वक भरे पिकअप वाहन से बरामद किया। पुलिस ने आरोपी संजय कुमार जांगड़े को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
शिवरीनारायण थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन (छोटा हाथी, क्रमांक CG 12 AX 3920) में क्रूरतापूर्वक भरे गए 07 गाय-बैल और बछड़ों को बरामद किया है। इस मामले में आरोपी संजय कुमार जांगड़े (उम्र 31 वर्ष), निवासी केरा, थाना नवागढ़, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
विज्ञापन
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केरा रोड से मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरकर तस्करी की जा रही है। इसके आधार पर शिवरीनारायण पुलिस ने दुरपा मोड़ के पास वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में 07 गाय-बैल और बछड़ों को अमानवीय तरीके से भरे हुए पाया गया। पशुओं के शरीर पर चोटों के निशान थे और खून निकल रहा था।
पूछताछ में वाहन चालक संजय कुमार जांगड़े ने स्वीकार किया कि वह मवेशियों को केरा से बिलाईगढ़-टुंड्री की ओर तस्करी के लिए ले जा रहा था। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।