रायपुर में मोबाइल चोरी कर यूपीआई के माध्यम से लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले शातिर आरोपी को आजाद चौक पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हीरापुर कबीर नगर निवासी 26 वर्षीय आयुष डागा के रूप में हुई है, जो पहले भी चोरी के करीब एक दर्जन मामलों में रायपुर सहित अन्य राज्यों से जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, आजाद चौक निवासी पीड़िता ने 13 जनवरी 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह ट्रेन से रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद ऑटो से घर गई थी। घर पहुंचने पर जब उसने अपने बैग की साइड जेब देखी, तो मोबाइल फोन गायब था।
मोबाइल नंबर बंद कराकर दोबारा सिम चालू कराने पर पीड़िता को बैंक खाते से 5 हजार रुपये निकासी का मैसेज मिला। इसके बाद जब उसने बैंक स्टेटमेंट निकलवाया, तो पता चला कि 13 से 16 जनवरी 2026 के बीच यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में उसके खाते से कुल 2 लाख 26 हजार 562 रुपये निकाले जा चुके हैं। इस मामले में थाना आजाद चौक में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने पीड़िता से पूछताछ की और रेलवे स्टेशन से लेकर घर तक के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही ऑटो से जुड़ी जानकारी और यूपीआई ट्रांजेक्शन का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में आरोपी की पहचान आयुष डागा के रूप में हुई, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 70 हजार रुपये की नकदी, वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि आयुष डागा पहले भी रायपुर के कबीर नगर, पुरानी बस्ती और कोतवाली थाना क्षेत्रों के अलावा मध्य प्रदेश के ग्वालियर, महाराष्ट्र के गोंदिया और ओडिशा में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।