PM Narendra Chhattisgarh visit: छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के बड़े नेताओं का लगातार छत्तीसगढ़ दौरा हो रहा है। इसी क्रम में पीएम नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। पीएम मोदी 23 और 24 अप्रैल को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान संभवत: पहली बार राजधानी रायपुर स्थित राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे। उनके आगमन को लेकर एडवायजरी जारी कर दी गई है।
राजभवन की व्यवस्था
23 अप्रैल 2024 को प्रधानमंत्री राजभवन में रात्रि विश्राम कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शाम 4 बजे से 24 अप्रैल को सुबह 10 बजे तक राजभवन के आसपास चारों ओर मार्ग में सामान्य आवागमन बाधित रहेगा। यातायात विभाग ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री के आवागमन के दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से व्हीआईपी रूट एवं उपरोक्तानुसार मार्गों में यातायात बाधित रहेगी। कृपया असुविधा से बचने के लिए अन्य वैकल्पिक मार्गो का उपयोग कर सुगम आवागमन करें।
8 अप्रैल को बस्तर में कांग्रेस पर बरसे थे पीएम मोदी
इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने 8 अप्रैल को बस्तर की धरती से छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव का शंखनाद किया था। भानपुरी के छोटे आमाबाल में चुनावी सभा में कांग्रेस पर जमकर बरसे थे। भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस को घेरते हुए कहा था कि कांग्रेस सरकार में बहुत ज्यादा करप्शन हुए। साल 2014 से पहले लाखों-करोड़ों के घोटाले हुए। दिल्ली से एक रुपये निकलता था और सिर्फ 15 पैसा ही गांव तक पहुंचता था। ये मैं नहीं कांग्रेस के ही प्रधानमंत्री ने कहा था। सवाल खड़ा करते हुए पूछा कि वो कौन सा पंजा था जो 85 पैसे मार लेता था। अब हमने इस कुंजी को ही बंद कर दिया है। चुनाव में कांग्रेसी भ्रष्टाचारी बचाओ रैली निकाल रहे हैं पर वो समझ लें भ्रष्टाचारियों को जेल जाना ही पड़ेगा, ये मोदी की गारंटी है।