छत्तीसगढ़ में सभी राजनीतिक दलों की चुनावी सभा और तैयारियों जोरों पर हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को जगदलपुर दौरे पर आ रहे हैं। वो सेना के विशेष विमान से सुबह करीब 10:55 पर जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। पीएम के जगलपुर में दो कार्यक्रम होंगे। पहला कार्यक्रम सरकारी होगा, जिसमें वो विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके लिए दो मंच बनाए गए हैं। इसके बाद वो लालबाग मैदान में आमसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री 3 दिन के अंदर दूसरी बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। इस बार का उनका बस्तर दौरा ऐतिहासिक होगा और इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज हो जाएगा। दरअसल, पीएम मोदी जगदलपुर के नगरनार स्टील प्लांट को देश को समर्पित करेंगे। नगरनार में बना एनएमडीसी का स्टील प्लांट देश के सबसे बड़े स्टील प्लांटों में शुमार है।
एक नजर में नगरनार स्टील प्लांट
बस्तर संभाग का राजनीतिक समीकरण
आदिवासी बहुल बस्तर संभाग में कुल 7 जिले हैं। 7 जिलों के संभाग में यहां छत्तीसगढ़ की 12 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट है। बस्तर संभाग की 12 विधानसभा सीटों में 11 विधानसभा सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) और एक सीट सामान्य है। इनमें बस्तर, कांकेर, चित्रकोट, दंतेवाड़ा, बीजापुर, कोंटा, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर की सीटें एसटी के लिए आरक्षित हैं। वहीं जगदलपुर विधानसभा सीट सामान्य है। 12 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को यहीं से करारी हार का सामना करना पड़ा था और सत्ता गंवानी पड़ी थी। राजनीतिक दृष्टिकोण से बस्तर संभाग काफी अहम माना जाता है। कहा जाता है कि छत्तीसगढ़ में सत्ता की चाबी बस्तर से खुलती है। इसलिए माना जाता है कि अगर छत्तीसगढ़ में सरकार बनानी है, तो बस्तर किला पर फतह हासिल करना बहुत जरूरी है। प्रदेश में कुल 90 विधानसभा सीट हैं, जिनमें से 29 सीटें आदिवासियों के लिए सुरक्षित हैं और 29 में से 12 सीटें बस्तर संभाग से आती हैं। 15 साल तक सत्ता पर काबिज रही बीजेपी को साल 2018 में यही से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था, इसलिए बीजेपी में सत्ता पाने की बैचेनी है। बस्तर में बीजेपी प्रदेश प्रभारी ओपी माथुर समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता दौरा कर चुके हैं और कर रहे हैं। इसी क्रम में पीएम मोदी का बस्तर दौरा भी बेहद अहम माना जा रहा है। वो आदिवासियों को साधने के लिए कोई बड़ा एलान भी कर सकते हैं।
जारी हो सकती है बीजेपी की दूसरी सूची
सियासी गलियारे में इस बात की भी चर्चा है कि बीजेपी कभी भी प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर सकती है। दो दिनों तक दिल्ली में हुई बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में करीब 50 से ज्यादा प्रत्याशियों के नाम फाइनल हो चुके हैं। इस पर बीजेपी हाईकमान की मुहर लग चुकी है। बाकी के प्रत्याशियों के नाम भी तय हो चुके हैं। भाजपा हाईकमान की झंडी मिलते ही कभी भी प्रत्याशियों की लिस्ट जारी हो सकती है या पीएम मोदी बस्तर में ही आज लिस्ट जारी कर सकते हैं या उनके जाने के बाद भी सूची जारी हो सकती है।