प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस और विकास दोनों एक साथ संभव नहीं हैं। छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा यह परिवारवाद, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार में लिप्त है। वहीं भाजपा प्रदेश की पहचान को मजबूत करने के मिशन पर काम कर रही है। हम आदिवासियों और पिछड़ा वर्ग के अधिकारों की पूर्ति के लिए काम कर रहे हैं।
5 साल में सिर्फ कांग्रेस नेताओं के बंगले बने रिश्तेदारों का विकास हुआ
पीएम मोदी ने कहा, पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। इन वर्षों में सिर्फ कांग्रेस नेताओं के बंगले बने, उनकी कारों की संख्या बढ़ी और रिश्तेदारों का विकास हुआ।
मोदी ने पूछा, राज्य के गरीब, दलित, पिछड़ों, कांकेर व बस्तर के आदिवासी परिवारों को क्या मिला?मोदी ने कहा, कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की जनता को जर्जर सड़कें, बदहाल अस्पताल और स्कूल दिये। कांग्रेस ने सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी का नया रिकॉर्ड बनाया।
कांग्रेस पिछड़ा वर्ग की विरोधी, मुझे 2014 में गालियां भी दीं
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर पिछड़ा वर्ग विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा, 2014 के चुनाव के वक्त इन्हों ने मुझे भी गालियां दीं। मैं अन्य पिछड़ा वर्ग से था तो मुझे खूब कोसा। देश के इतिहास में पहली बार भाजपा ने आदिवासी परिवार की बेटी को राष्ट्रपति बनाने का काम किया। कांग्रेस ने लेकिन इसका भी विरोध किया।
मोदी ने कहा, विपक्ष भाजपा के खिलाफ नहीं बल्कि आदिवासी बेटी के खिलाफ थी। छत्तीसगढ़ के हर आदिवासी को यह अपमान याद रखना होगा और कांग्रेस से इसका बदला लेना होगा। मोदी ने जनता से पूछा कि क्या वे कांग्रेस को सजा देंगे? जिसका जवाब जनता ने हां में दिया।
छत्तीसगढ़ : आखिर कांग्रेस को अकबर इतना प्रिय क्यों : सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बृहस्पतिवार को यहां कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस के लिए अकबर, भूपेश बघेल से भी ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने पूछा, आखिर कांग्रेस के लिए अकबर इतना प्रिय क्यों है। हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि जब मैंने अकबर के बारे में बोला तो कांग्रेस ने मेरे खिलाफ शिकायत की। अगर मैंने टीएस सिंह देव या बघेल या किसी कांग्रेस नेता के खिलाफ कुछ कहा होता तो शिकायत दर्ज करना समझ में आता।
भारत के चुनाव आयोग ने 26 अक्तूबर को छत्तीसगढ़ चुनाव अभियान के दौरान कवर्धा में दिए गए भाषण पर असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। असम के मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ चुनाव में भाजपा के घोषणापत्र के बारे में मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी सही समय पर सही फैसला लेगी। इस बार भाजपा अच्छा घोषणापत्र जारी करेगी, थोड़ा इंतजार करें।