छत्तीसगढ़ के बीएड महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया की चार सूचियां जारी होने के बाद भी अभ्यर्थियों का रुझान काफी कम दिखाई दे रहा है। चार सूची जारी होने के बाद भी बीएड की 5,000 से अधिक सीटें खाली पड़ी हैं। इसके विपरीत प्राथमिक शिक्षण से संबंधित डीएलएड पाठ्यक्रम में बहुत कम सीटें रिक्त बची हैं। आंकड़ों के अध्ययन से पता चलता है कि अभ्यर्थी बीएड की तुलना में डीएलएड में अधिक रुचि दिखा रहे हैं। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि बीएड की सभी सीटों का भरना इस सत्र में बेहद मुश्किल नजर आ रहा है और दो हजार से ज्यादा सीटें खाली रह सकती हैं।
विज्ञापन
डीएलएड की 1,854 सीटों में से 1,647 सीटें आवंटित
चौथी आवंटन सूची के तहत बीएड की कुल 5,954 सीटों में से केवल 714 सीटें आवंटित की गई हैं। इस आवंटन के उपरांत भी 5,240 सीटें खाली बची हुई हैं। दूसरी ओर डीएलएड की कुल 1,854 सीटों में से 1,647 सीटें आवंटित की जा चुकी हैं और मात्र 207 सीटें रिक्त बची हैं। पिछले साल बीएड की शत-प्रतिशत सीटों को भरने के लिए 14 से अधिक प्रवेश सूचियां जारी करनी पड़ी थीं। इस बार चार सूचियां जारी होने के बाद भी दाखिले की रफ्तार सुस्त बनी हुई है। एक आकलन है कि अभ्यर्थियों की संख्या में आई गिरावट के कारण बीएड की करीब दो हजार सीटें खाली रह सकती हैं।
बीएड के बजाय डीएलएड को अधिक प्राथमिकता
बीएड और डीएलएड दोनों पाठ्यक्रमों में उपलब्ध सीटों और प्राप्त आवेदनों के बीच बड़ा अंतर दर्ज किया गया है। छत्तीसगढ़ में इस वर्ष बीएड के लिए लगभग 20,324 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि कुल उपलब्ध सीटों की संख्या 14,495 है। दूसरी तरफ डीएलएड पाठ्यक्रम के लिए कुल 6,710 सीटें हैं, लेकिन इनके मुकाबले 22,073 आवेदन जमा हुए हैं। डीएलएड में सीटों की संख्या बीएड की आधी से भी कम होने के बावजूद आवेदनों की संख्या कहीं अधिक है। इससे यह स्पष्ट होता है कि छात्र बीएड के बजाय डीएलएड को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं।
विज्ञापन
आगामी काउंसलिंग की समय-सारणी
चौथी सूची में आवंटित सीटों पर छात्रों को 19 सितंबर तक प्रवेश लेना अनिवार्य होगा। इसके पश्चात द्वितीय चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। दूसरे चरण के लिए पंजीयन 22 सितंबर से 25 सितंबर तक किया जाएगा। इस चरण में तीन प्रवेश सूचियां जारी की जाएंगी। पहली सूची के लिए दावा-आपत्ति 29 सितंबर को ली जाएगी और अंतिम सूची 1 अक्तूबर को जारी होगी, जिसमें आवंटित सीट पर 6 अक्तूबर तक प्रवेश लेना होगा। दूसरी सूची के लिए दावा-आपत्ति 9 अक्तूबर को और अंतिम सूची 12 अक्तूबर को जारी की जाएगी, जिसके तहत 15 अक्तूबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी होगी। तीसरी सूची के लिए दावा-आपत्ति 21 अक्तूबर को ली जाएगी और अंतिम सूची 23 अक्तूबर को जारी होगी।