छत्तीसगढ में कोरबा जिले में कंवर पारा बस्ती में दशमी के कार्यक्रम के
दौरान बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई और एक बालिका सहित 17 महिलाएं
झुलस गईं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोरबा शहर के अयोध्यापुरी के कंवर पारा के स्वर्गीय समार सिंह कंवर का दशमीं का कार्यक्रम कंवर पारा बस्ती के तालाब के पास चल रहा था। इसमें शामिल होने के लिए मृतक के रिश्तेदारों सहित गांव की महिलाएं गईं थी।
इसमें कुछ महिलाएं तालाब के घाट पर स्नान कर रही थी और 17 महिलाएं तालाब के निकट बरगद पेड के नीचे बैठी हुई थीं। इस बीच तेज बारिश के साथ जोरदार बिजली कडकी।
बरगद के पेड पर बिजली गिरने से वहां बैठी राधा बाई 45 की मौके पर ही मौत हो गयी। बिजली के चपेट में आने से 11 वर्षीय बालिका अनीषा और 16 अन्य महिलाएं झुलस गई।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास ग्रामीणों ने इस घटना से पीड़ितों को उपचार के लिए एनटीपीसी के अस्पताल में भर्ती कराया। घायल महिलाओं में पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।