राज्य के नक्सल प्रभावित इलाकों में अफसर अब बुलेट प्रूफ गाड़ियों का इस्तेमाल करेंगे। नक्सली हमलों में अफसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस मुख्यालय ने बुलेट प्रूफ गाड़ियां खरीदी हैं। अभी इन गाड़ियों की जांच की जानी बाकी है।
नक्सली हमलों में कई बार पुलिस के जवानों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। इस तरह की स्थिति से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया है। जांच के बाद बुलेट प्रूफ गाड़ियां वहां पदस्थ अफसरों को दी जाएंगी।
यह बुलेट प्रूफ स्कार्पियो गाड़ियां महिंद्रा कंपनी से खरीदी गई हैं। इन गाड़ियों के शीशे ही नहीं बॉडी भी बुलेटप्रूफ है। इनकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। लाइव फायरिंग के बाद इन्हें नक्सल इलाकों में भेजा जाएगा।
इंटेलिजेंस विभाग को इस गाड़ियों की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वो ही इसे अलॉट करेंगे। हालांकि, वरिष्ठ अधिकारी इस संबंध में स्पष्ट रूप से नहीं बोल रहे हैं लेकिन बुलेट प्रूफ गाड़ियां लाने की पुष्टि की गई है।