शिकायत के बाद कार्रवाई
यह पोस्टर @sinful_writer1 नाम के अकाउंट से जारी किया गया था, जिसमें युवक-युवतियों को बिना कपड़ों के पार्टी में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया था। बड़ी बात ये है कि पार्टी न्यूड थीम होने की वजह से यह कानून के खिलाफ था। कांग्रेस की एक टीम ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा। गनीमत रही कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही आयोजकों को पकड़ लिया गया। चर्चा तो ये भी है कि आरोपी खुद ही सफाई देने एसपी ऑफिस पहुंचे थे, जहां से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या लिखा था पोस्टर में
सोशल मीडिया पर वायरल 'न्यूड पार्टी' पोस्टर में लिखा था कि राजधानी रायपुर में पहली बार सबसे बड़ी एक ऐसी पार्टी होने वाली है जहां लोग बिना कपड़ों के भाग ले सकेंगे। इसमें शराब, डीजे, म्यूजिक, डांस और मजे का भी जिक्र था। यह पोस्टर जैसे ही वायरल हुआ, पूरे शहर में सनसनी मच गई। सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चायें होने लगी।
यूजर्स ने कसे तंज, 'पास तो फॉरवर्ड कर दो'
कार्यक्रम के पोस्टर को लेकर यूजर्स तंज कस रहे हैं। कुछ मजे ले रहे हैं तो कुछ गंभीरता से पूछ रहे हैं कि ये पार्टी कहां हो रही है। कई यूजर्स ने ऐतराज जताते हुए लिखा है कि अब खुलेआम फूहड़ता का प्रचार होने लगा है। स्क्रीनशॉट शेयर कर लिखा जा रहा है कि क्या हमारी राजधानी में भी अब ऐसे खेल होंगे?।
बैंक ट्रांजेक्शन की हो रही जांच
पुलिस ने बताया कि इस इवेंट में प्रवेश के लिए कई युवाओं ने बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की थी। करीब 21 से ज्यादा युवाओं ने पंजीयन भी कराया था। ऐसे सभी खातों और लेन-देन की जांच हो रही है। पुलिस का कहना है कि यह आयोजन अश्लीलता और अवैध पार्टी को बढ़ावा देने की कोशिश थी, जिस पर समय रहते रोक लिया गया। पुलिस ने चेतावनी दी है कि राजधानी में इस तरह की पार्टियों और आयोजकगणों को बख्शा नहीं जाएगा।
'न्यूड पार्टी' पोस्टर पर सियासत
दूसरी ओर 'न्यूड पार्टी' पोस्टर पर प्रदेश में सियासत गरमाई हुई है। कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए गंभीर सवाल उठाए हैं। बीजेपी सरकार पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा है कि सरकार को ऐसी पार्टियों का आयोजन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
क्या होती है 'न्यूड पार्टी' ?
'न्यूड पार्टी' एक ऐसी सोशल मीटिंग होती है, जिसमें लोग बिना कपड़ों के शामिल होते हैं। इसे रिसॉर्ट्स, फार्म हाउस या आउटर वाले बंद जगहों पर आयोजित किया जाता है, जहां पर डीजे, म्यूजिक और शराब-बियर आदि परोसने के साथ ही देर रात तक डांस किये जाते हैं। आमतौर पर इसमें शामिल होने वाले लोग मानसिक और शारीरिक आजादी के लिये जाने जाते हैं। इस अवधारणा का चलन पश्चिमी देशों में ज्यादा है। वहां पर बॉडी फ्रीडम और सेल्फ एक्सेप्टेंस पर ज्यादा फोकस रहता है। हालांकि इसमें वीडियो और फोटो लेना पूरी तरह मना रहता है। भारत में इस तरह की पार्टी को लेकर कोई कानून नहीं है। भारतीय सामाजिक परिवेश में इस अश्लीलता को स्वीकार नहीं किया जाता है।