ऑनलाइन गेम पबजी की लत युवाओं को जकड़े हुए है। ऐसे में छत्तीसगढ़ के रायपुर में स्कूली छात्राओं ने नो पबजी क्लब बनाया है। युवाओं में पबजी गेम की लत से ज्यादातर परिजन परेशान है। ऐसे में छठी से बारहवीं कक्षा की छात्राओं ने क्लब का गठन किया है, जो पब जी गेम की आदी रही है। ये छात्राएं पबजी खेलने वाले युवाओं के पास जाकर उन्हें बताती है कि उनके पबजी खेलने की वजह से उनके परिवार और आस-पास के लोग भी प्रभावित हो रहे है। इसलिए वे इससे दूर रहें। क्लब के प्रयासों की वजह से 40 से ज्यादा लोगों ने पबजी खेलना छोड़ दिया है।
प्लेयर्स अननोन बैटल ग्राउंड (Players Unknown Battle Ground) के नाम से मशहूर यह गेम बहुत ही कम समय में लोकप्रिय हुआ है। गुजरात में इस गेम पर एक महीने के लिए प्रतिबंध भी लगा था और इस दौरान गेम खेलने के आरोप में 16 लोगों की गिरफ्तारी भी हुई थी। डॉक्टर्स के मुताबिक पबजी गेम युवाओं को मानसिक रूप से बीमार बना रहा है और साथ ही इस गेम को खेलने के बाद बच्चों में हिंसक प्रवृति भी पनप रही है।