छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में पुलिस ने दीपावली त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। बाजार में भीड़ को देखते हुए शांति और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से 20 अक्तूबर रूट प्लान तैयार किया गया है। यह प्लान धनतेरस की आधी रात तक लागू रहेगा। इसे लेकर मंगलवार शाम एसपी कार्यालय में व्यापारियों के साथ अफसरों की बैठक भी हुई।
शहर में अलग-अलग जगह बनाई गई पार्किंग
शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की है। इन पार्किंग स्थलों पर लोगों के साथ ही व्यापारियों को भी अपने वाहन खड़े करने पड़ेंगे। इन पार्किंग स्थल में म्यूनिसिपल हाई स्कूल ग्राउंड, पुराना अस्पताल और फ्लाई ओवर के नीचे शामिल हैं। जरूरत पड़ने पर स्टेट स्कूल ग्राउंड में भी पार्किंग की जाएगी। व्यापारी भी अपनी दुकानों के सामने वाहन नहीं खड़ा कर सकेंगे।
ज्वैलरी शॉप्स पर पर्सनल सुरक्षा व्यवस्था करनी होगी
पुलिस अफसरों की ओर से सराफा व्यापारियों को बताया गया कि वे अपनी दुकानों में पर्सनल गार्ड की व्यवस्था आवश्यक रूप से करें। वही वाहनों की पार्किंग व्यवस्था और दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था करेंगे। बैठक मे यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि संस्थानों/दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त करा लें। सभी दुकानों में सीसीटीवी अनिवार्य रूप से लगाएं। जिससे वारदात होने पर आरोपियों तक पहुंचा जा सके।