छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बचेली में NMDC अधिकारियों के क्रिकेट मैच के दौरान स्थानीय बेरोजगार युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। एल1 और एल2 पदों की भर्ती परीक्षा जल्द कराने की मांग को लेकर युवा क्रिकेट पिच पर बैठ गए, जिसके बाद मैच रोकना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवाओं को समझाया। आंदोलन को बीजापुर और सुकमा तक फैलाने की तैयारी है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
जिले के अंतर्गत बचेली में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम के अधिकारियों के चल रहे क्रिकेट मैच के दौरान स्थानीय बेरोजगार युवाओं ने विरोध जताते हुए खेल रुकवा दिया। एनएमडीसी में एल1 और एल2 पदों के लिए भर्ती परीक्षा जल्द कराने की मांग कर रहे युवा सीधे मैदान की पिच पर जाकर बैठ गए। इसके बाद युवाओं ने संस्थान के प्रबंधन और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मैदान पर पुलिस के पहुंचने और समझाइश देने के बाद स्थिति नियंत्रित हो सकी।
विज्ञापन
मंच से टाइल्स उखाड़ने का आरोप
बेरोजगार युवाओं ने एनएमडीसी प्रबंधन पर उनकी पूर्व निर्धारित बैठक को बाधित करने का गंभीर आरोप लगाया है। युवाओं ने 15 नवंबर को अपनी मांगों और भावी रणनीति पर चर्चा के लिए बचेली के हॉकी मैदान में बैठक रखी थी। आरोप है कि एनएमडीसी ने युवाओं को एकत्र होने से रोकने के लिए एक दिन पहले ही मंच पर लगी टाइल्स उखड़वा दीं। इसके साथ ही उसी दिन अधिकारियों के लिए सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन भी तय कर दिया गया, जिससे युवाओं को बैठक के लिए जगह न मिल सके।
शोरगुल के विरोध में पिच पर धरना
मैदान उपलब्ध न होने पर युवाओं ने हॉकी ग्राउंड के पास ही खुले स्थान में बैठकर अपनी बैठक संचालित करने का प्रयास किया। इसी दौरान क्रिकेट मैच की तेज कमेंट्री, खिलाड़ियों के चौके-छक्के पर मचने वाले शोर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर बज रहे गानों के कारण युवाओं की चर्चा में व्यवधान उत्पन्न होने लगा। अपनी मांगों को नजरअंदाज किए जाने से नाराज युवा अचानक बैठक स्थल से उठे और सीधे क्रिकेट पिच के बीचोंबीच बैठ गए। इस घटनाक्रम से मैच तुरंत रोकना पड़ा और मौके पर भारी गहमागहमी की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पहुंचकर मामला शांत कराया।
विज्ञापन
तीन जिलों में विस्तार देने की योजना
स्थानीय बेरोजगार युवा संघ के सदस्य रवि नाग ने बताया कि अपनी भर्ती परीक्षा की मांग पूरी होने तक आंदोलन निरंतर जारी रहेगा। अब इस अभियान को दंतेवाड़ा के साथ-साथ बीजापुर और सुकमा जिलों तक फैलाने की रणनीति बनाई गई है। इसके लिए 17 नवंबर को भांसी में विशाल बैठक की जाएगी, जिसमें तीनों जिलों के सैकड़ों युवाओं के भाग लेने की संभावना है। बैठक में एक प्रतिनिधिमंडल का गठन किया जाएगा, जो क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर युवाओं को इस भर्ती परीक्षा अभियान से जोड़ेगा।