अंतागढ़ उपचुनाव की फिक्सिंग का टेप सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी को बेटे अमित जोगी को बाहर का रास्ता दिखा चुकी कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई एक नई लड़ाई में उलझती दिख रही है। अजीत जोगी और अमित जोगी की बातचीत के टेप के बाद एक और टेप सामने आया है, जिसमें कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष भूपेश पटेल की बातचीत रिकॉर्ड है। अजीत जोगी के पुराने वफादार फिरोज सिद्दकी ने ये टेप जारी किया है।
टेप में दर्ज बातचीत के मुताबिक, बघेल ने फिरोज से अंतागढ़ मामले के टेप मांगे थे। टेप में बघेल कह रहे हैं, ''परसो दोपहर के बाद दूसरे हाफ में इंडियन एक्सप्रेस के दफ्तर पहुंचता हूं। वहां देंगे ना तो सेफर साइड वाला हो गया समझो।" उल्लेखनीय है कि 30 दिसंबर को इंडियन एक्सप्रेस नें अंतागढ़ उपचुनाव की फिक्सिंग का स्टिंग प्रकाशित किया था।
समाचार पत्र ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, उनके दामाद पुनीत गुप्ता, पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, उनके बेटे अमित जोगी की फोन पर हुई आपसी बातचीत, अंतागढ़ से कांग्रेस के तत्कालीन उम्मीदवार मंतूराम पंवार और अजीत जोगी के पूर्व वफादार फिरोज सिद्दकी, सिद्दकी और जोगी के ही एक अन्य वफादार अमीन मेमन, अमित जोगी और सिद्दकी के बीच फोन पर हुई बातचीत प्रकाशित की थी। समाचार पत्र ने दावा किया था कि भाजपा ने पैसे देकर कांग्रेस उम्मीदवार मंतूराम पंवार को अंतागढ़ उपचुनाव से हटवा दिया था। कांग्रेस आलाकमान ने मामले पर सख्त कार्रवाई करते हुए अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी को पार्टी से निष्काषित कर दिया।
बघेल ने माना, टेप में आवाज उन्हीं की
सोमवार को सामने आए टेप में फिरोज सिद्दकी और भूपेश बघेल आपस में ये चर्चा कर रहे हैं कि अंतागढ़ उपचुनाव में कैसे मंतूराम पंवार को अंतिम मिनट में उम्मीदवारी वापस लेने को कहा दोनों में ये चर्चा हो रही है कि अगर ये जानकारियां बाहर आ गईं तो जोगी और उनके बेटे को पार्टी से बाहर निकाला जा सकता है।
बातचीत में सिद्दकी बघेल से कहते हैं कि अगर उन्होंने ऐसा किया तो उनकी जान खतरे में पड़ जाएगी। उस समय भूपेश बघेल उन्हें महामंत्री बनाने का प्रस्ताव देते हैं।
इंडियन एक्सप्रेस का कहना है कि बघेल और सिद्दकी दोनों ने स्वीकार किया है कि टेप में सुनाई दे रही आवाज उन्हीं दोनों की है। सिद्दकी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के नेता कैसे एक दूसरे को गिराने की कोशिश कर रहे हैं, ये दिखाने के लिए ये बातचीत रिकॉर्ड की गई है। उन्होंने कहा, "गंदी राजनीति की कलई खोलने के लिए मैं स्टिंग करता हूं। लोकतंत्र की हत्या हो रही है।"
बातचीत की बावत बघेल ने कहा कि उन्होंने पार्टी के हित के लिए ऐसा किया। उन्होंने कहा, "सभी को पता है कि अंतागढ़ उपचुनाव फिक्स था। मैं इसे सामने लाना चाहता था। इसलिए मैंने सिद्दकी से कहा कि उसके पास ऐसी जानकारियां है, जो उसे बाहर लाए और मडिया को दे।" बघेल ने कहा कि सिद्दकी ने जब उन्हें ये बताया कि उनकी जान खतरे में पड़ सकती है, तब उन्होंने उन्हें पूरी सुरक्षा का भरोसा दिया था। उन्होंने कहा कि मैंने महामंत्री बनाने का आश्वासन दिया था, लेकिन ये नहीं कहा था कि प्रदेश महामंत्री बनाऊंगा या ब्लॉक का।