छत्तीसगढ़ में NEET UG काउंसलिंग 2026 को लेकर राज्य सरकार ने छात्रों के हितों को लेकर स्पष्ट रुख सामने रखा है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों के हक की एक भी सीट प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। स्थानीय विद्यार्थियों के अधिकारों के साथ किसी भी तरह की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों और MBBS सीटों की संख्या बढ़ाने का मकसद अधिक से अधिक छत्तीसगढ़ी विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा का अवसर देना है। यदि डोमिसाइल या दस्तावेजों को लेकर कोई शिकायत सामने आती है, तो उसकी गंभीरता से जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सही दस्तावेज रखने वाले विद्यार्थियों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है, लेकिन नियमों का उल्लंघन या फर्जीवाड़ा सामने आने पर सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने मेडिकल प्रवेश के लिए कड़ी मेहनत की है और उनके भविष्य की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है। सीटें बढ़ाना उपलब्धि है, लेकिन यह भी जरूरी है कि इन सीटों का लाभ केवल पात्र विद्यार्थियों को मिले।
ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से हो रही काउंसलिंग
राज्य काउंसलिंग समिति के अनुसार NEET UG प्रवेश 2026 की प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है। नियमों के तहत पंजीयन, च्वाइस फिलिंग, सीट आवंटन, मूल दस्तावेजों की जांच और प्रवेश की प्रक्रिया शामिल है। अभ्यर्थियों के मूल निवासी प्रमाण-पत्र, श्रेणी संबंधी प्रमाण-पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही प्रवेश को अंतिम माना जाएगा।
गलत जानकारी पर प्रवेश हो सकता है रद्द
यदि कोई अभ्यर्थी गलत जानकारी देकर, तथ्य छिपाकर या फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रवेश लेता है, तो नियमों के अनुसार उसका प्रवेश निरस्त किया जा सकता है।
अफवाहों से बचें, पोर्टल पर करें शिकायत दर्ज
राज्य काउंसलिंग समिति ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि काउंसलिंग को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रम या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। किसी भी शंका, समस्या या शिकायत की स्थिति में अभ्यर्थी अधिकृत काउंसलिंग पोर्टल पर Candidate Login में उपलब्ध "Candidates Grievances and Query Redressal System" के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, अथवा काउंसलिंग शाखा के ई-मेल cgdme.counseling@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।