गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ में रमन सिंह सरकार की तारीफों के पुल बांधते हुए महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला।
जगदलपुर में आयोजित चुनावी रैली में मोदी ने दोहराया कि कांग्रेस जब केंद्र में सत्ता आई थी, तो महंगाई घटाने का वादा किया था, लेकिन पूरा नहीं किया।
मोदी ने कहा, "महंगाई दिनोंदिन बढ़ रही है। प्याज का ऐसा हाल कर दिया है कि गरीब आदमी खरीद नहीं सकता। कुछ दिनों में प्याज के लिए लॉकर खुलवाना होगा। मेहमान आएंगे, तो उन्हें उसकी सुगंध दी जाएगी।"
'शहजादे आंखों में धूल झोंकते हैं'
उन्होंने कहा, "जिन लोगों ने आपकी थाली से प्याज छीनी है, उनसे देश की सत्ता छीनने का वक्त आ गया है।"
छत्तीसगढ़ के बहाने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए मोदी ने कहा, "दिल्ली के शहजादे लोगों की आंखों में धूल झोंक रहे हैं। बोल रहे हैं कि हम खाद्य सुरक्षा का कानून लाए। लेकिन हकीकत यह है कि अगर किसी ने यह कानून सबसे पहले दिया, तो छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने दिया।"
मोदी ने कहा कि अगर आपने दस साल रमन सिंह को न दिए होते, भाजपा को न दिए होते, तो अपने छत्तीसगढ़ का हाल बुरा हो गया होता। जो सरकार कोयले के पीछे पड़ गई, वह छत्तीसगढ़ का क्या हाल करती?
'नए राज्यों में छत्तीसगढ़ सबसे आगे'
उन्होने कहा, "वाजपेयी जी ने आपको राज्य का तोहफा दिया। उस वक्त तीन राज्य बनाए गए थे। झारखंड जहां था, वहां से पीछे चला गया, उत्तराखंड पीछे चला गया, लेकिन छत्तीसगढ़ आगे निकल गया।"
मोदी ने कहा, "मैं गुजरात से आया हूं और यह प्रार्थना करता हूं कि आपने आज तक दल, जाति, सम्प्रदाय, नाते-रिश्तेदारी के लिए वोट दिए होंगे, लेकिन अब वक्त बदल चुका है। अब विकास के लिए वोट देना है।"
छत्तीसगढ़ की तुलना किशोर से करते हुए मोदी ने कहा आगामी पांच साल राज्य के लालन-पालन के लिए बहुत जरूरी हैं, इसलिए उसका जिम्मा एक बार फिर डॉ. रमन सिंह को सौंपा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, "रमन सिंह ने मजबूत नींव रखी है। दस साल विकास के लिए काम किया। अब वक्त आ गया है कि भव्य इमारत बनाई जाए। छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का वक्त आ गया है।"