छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि एक और नाबालिग के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। यह घटना बंसतपुर थाना क्षेत्र की है। दुष्कर्म के बाद पीड़िता ने जहर खाकर आत्महत्या करने की भी कोशिश की।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने 16 अक्तूबर को झांसा देकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। जैसे ही आरोपी का पता चलेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ।
इस मामले पर बलरामपुर के एएसपी, प्रशांत कतालम ने कहा, '16 अक्तूबर की घटना के बाद, लड़की ने जहर खा लिया और दो दिनों तक अस्पताल में भर्ती रही। टीम को आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए भेजा गया है।' बता दें कि राज्य में रोजाना दुष्कर्म के छह नए मामले दर्ज किए जाते हैं।
2 अक्तूबर को भी वाड्रफनगर चौकी में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नशे का इंजेक्शन देकर युवती को अपनी हवस का शिकार बनाया था। इसके अलावा कोंडागांव से युवती को ट्रक में लिफ्ट देकर आरोपियों ने चलते ट्रक में रायपुर आने तक कई बार उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।