राजधानी रायपुर में पुलिसकर्मियों की ओर से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। मोबाइल चोरी के संदेह में एक नाबालिग को हिरासत में लेकर बेरहमी से पीटने के आरोप में दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
राजधानी रायपुर में पुलिसकर्मियों की ओर से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। मोबाइल चोरी के संदेह में एक नाबालिग को हिरासत में लेकर बेरहमी से पीटने के आरोप में दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई रायपुर पुलिस आयुक्तालय द्वारा की गई है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के कमल विहार पुलिस सहायता केंद्र से जुड़ा है। यहां पदस्थ आरक्षक लक्ष्मी नारायण (क्रमांक 1211) और आरक्षक आसमान सिंह (क्रमांक 2382) पर आरोप है कि उन्होंने ड्यूटी के दौरान चौकी प्रभारी को बिना सूचित किए अन्य स्थान पर जाकर एक नाबालिग को मोबाइल चोरी के शक में पकड़ा और उसकी पिटाई की। मारपीट इतनी गंभीर बताई जा रही है कि नाबालिग के शरीर, विशेषकर कूल्हे के हिस्से पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पश्चिम क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरक्षकों को आमजन के साथ दुर्व्यवहार और वरिष्ठ अधिकारी के आदेशों की अवहेलना के आरोप में निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में दोनों को रक्षित केंद्र रायपुर संबद्ध किया गया है।
विज्ञापन
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विभागीय जांच की जा रही है और दोष सिद्ध होने पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता और नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।