छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित चंदखुरी में 22 से 24 अप्रैल तक 'माता कौशल्या महोत्सव' मनाया जाएगा। तीन दिनों तक यहां सांस्कृतिक छटा बिखरेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में देश-प्रदेश के नाम गिरामी कलाकार प्रस्तुति देंगे। सीएम भूपेश बघेल अक्षय तृतीया त्यौहार पर भगवान राम के ननिहाल और माता कौशल्या की मायका चंदखुरी में इस महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान यहां बने पर्यटन कैफे का भी उद्घाटन करेंगे। इस कैफे में सैलानी छत्तीसगढ़ी व्यंजन का आनंद ले सकेंगे।
कैलाश खेर, कविता पौडवाल, मैथिली ठाकुर देंगे प्रस्तुति
महोत्सव के पहले दिन मुंबई की मशहूर भजन गायक कविता पौडवाल एवं श्रीराम की शक्ति पूजा प्रस्तुत करने वाले वाराणसी के व्योमेश शुक्ला की प्रस्तुति होगी। वहीं देश की मशहूर युवा क्लासिकल सिंगर मैथिली ठाकुर और देश के प्रख्यात गायक पद्म कैलाश खेर भी प्रभू श्रीराम के ननिहाल चंदखुरी में अपनी प्रस्तुति देंगे। क्लासिकल गानों के लिए मशहूर मैथिली ठाकुर माता कौशल्या महोत्सव के दूसरे दिन अपनी प्रस्तुति देंगी। वहीं कैलाश खेर महोत्सव के आखिरी दिन 24 अप्रेल को दर्शकों के सामने अपनी प्रस्तुति देंगे।
सीएम ने प्रदेशवासियों को दी अक्षय तृतीया की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को अक्ति (अक्षय तृतीया) तिहार की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। अक्षय तृतीया की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री ने कहा है कि अक्षय तृतीया के दिन शुरू हुए काम की पूर्णता निश्चित मानी जाती है, इसलिए यह दिन बहुत शुभ और अक्षय माना गया है। उन्होंने कहा कि शादी-ब्याह के लिए भी इस दिन मुहूर्त नहीं देखा जाता। इस दौरान कई बाल-विवाह के मामले भी सामने आते है, जिससे समाज को मुक्त करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।