खाली कराई गई आसपास की दुकानें
भयावह आग को देखते हुए पुलिस ने एनएच को बंद कर यातायात को रिंग रोड में डायवर्ट कर दिया था। मौके पर पहुंचे एसडीएम रवि सिंह, एसडीओपी मधुलिका सिंह, डिस्ट्रिक कमांडेंट शेखर बोरवार की टीम ने आसपास के दुकानों में फैलने की आशंका को देखते हुए बगल की दुकानों को खाली कराने का निर्देश दिया। आनन-फानन में इंडियन कॉफी हाउस के बगल में संचालित मंहगीराम-रमेशकुमार कपड़ा दुकान सहित अन्य दुकानों को खाली कराया। लोगों की मदद से दुकानें खाली कर दी गईं। तीन घंटे के प्रयास के बाद जब आग की लपटें बाहर आनी बंद हो गई तो टीम ने राहत की सांस ली।
शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
इंडियन कॉफी हाउस बिल्डिंग में आगजनी का कारण शार्ट सर्किट को माना जा रहा है। काफी हाउस वर्षों से संचालित था व प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट था। आग प्रथम तल में संचालित इंडियन महासेल से शुरू हुई थी। कॉफी हाउस के संचालक के.एन. राजेंद्रन ने बताया कि प्रथम तल में रेस्टोंरेंट का स्टॉफ का निवास है। आग लगने के तुरंत बाद सभी बाहर आ गए थे।
सुबह तक जूझती रही फायर बिग्रेड टीम
आगजनी के बाद फायर ब्रिगेड की टीम सुबह तक आग बुझाने में लगी रही। बिल्डिंग से शुक्रवार दोपहर तक धुआं निकलता रहा। आग में बिल्डिंग में कुछ नहीं बचा है। यहां भयावह आग के कारण बिल्डिंग के कंक्रीट को भी अत्यधिक नुकसान हुआ है। आगजनी में कुल नुकसान करीब पांच करोड़ रुपये तक बताया जा रहा है।