खाद्य विभाग ने सितंबर और अक्टूबर माह का राशन एक साथ आवंटित कर दिया है। हितग्राही अब एक ही बार में दो महीने का चावल और अन्य खाद्यान्न ले सकेंगे। प्रदेश की 14,186 उचित मूल्य दुकानों में से 9,356 दुकानों में वितरण भी शुरू हो गया है।
छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत प्रदेशभर के राशन कार्डधारियों के लिए खाद्य विभाग ने सितंबर और अक्तूबर माह का अनाज आवंटन एकसाथ जारी किया है। सरकार ने प्रदेश की सभी उचित मूल्य दुकानों के लिए दोनों महीनों का चावल और अन्य अनाज भेजा है। पात्र हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार 30 सितंबर तक दोनों महीनों का चावल प्राप्त कर सकते हैं। इस व्यवस्था से राशन कार्डधारियों को बार-बार राशन दुकान जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
विज्ञापन
प्रदेश की 14,186 उचित मूल्य दुकानों में से 9,356 दुकानों में अनाज का भंडारण पूरा हो गया है। यह आंकड़ा राज्य की कुल दुकानों का लगभग 66 प्रतिशत है। जिन दुकानों में भंडारण पूरा हो गया, वहां राशन कार्डधारियों को दोनों महीनों का अनाज मिलना शुरू हो गया है। खाद्य विभाग शेष उचित मूल्य दुकानों में भी खाद्यान्न पहुंचाने की प्रक्रिया तेजी से चला रहा है। विभाग का लक्ष्य सभी पात्र राशन कार्डधारियों को समय सीमा के भीतर खाद्यान्न उपलब्ध कराना है।
खाद्यान्न वितरण और अंतिम तिथि
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से राज्य सरकार हर महीने लाखों परिवारों को निर्धारित मात्रा में अनाज देती है। जिन दुकानों में अनाज का भंडारण अभी बाकी है, वहां अनाज पहुंचते ही वितरण शुरू हो जाएगा। राशन कार्डधारी अपनी उचित मूल्य दुकान से राशन की उपलब्धता की जानकारी लेकर अनाज प्राप्त कर सकते हैं। हितग्राहियों को 30 सितंबर तक दुकान से तय प्रक्रिया के तहत सितंबर और अक्तूबर दोनों माह का चावल लेना होगा। दो माह का अनाज साथ मिलने से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।