बीजापुर से 711 बीजीएल सेल बरामद
- फोटो : अमर उजाला
माओवाद प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। जवानों ने केजी हिल्स के जंगल क्षेत्र से भारी मात्रा में 711 बीजीएल सेल बरामद किए हैं। आशंका जताई जा रही है कि माओवादियों ने सुरक्षा बलों को बड़ा नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से इन विस्फोटक सामग्रियों को जंगल में छिपाकर रखा था। इस बड़ी बरामदगी के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
सुरक्षा बलों को केजी हिल्स के जंगल में माओवादियों द्वारा भारी मात्रा में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखे जाने की गोपनीय जानकारी मिली थी। जिला पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके को घेरकर गहन खोज अभियान शुरू किया। जवानों ने सावधानीपूर्वक जंगल के कोने-कोने की तलाशी ली। केजी हिल्स के जंगलों में छिपाकर रखे गए 711 बीजीएल सेल बरामद हुए। सुरक्षा एजेंसियां बड़ी संख्या में विस्फोटक मिलने को सुरक्षा बलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण सफलता मान रही हैं।
सुरक्षा बलों की प्रारंभिक जांच के अनुसार बरामद किए गए सभी 711 बीजीएल सेल माओवादियों द्वारा घने जंगलों के बीच छिपाकर रखे गए थे। इन विस्फोटक सामग्रियों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों की टुकड़ियों और गश्ती दलों के खिलाफ किसी बड़े हमले की साजिश को अंजाम देने के लिए किए जाने की आशंका है। हालांकि, माओवादी इन विस्फोटक सामग्रियों का उपयोग किस विशेष रणनीति के तहत करने वाले थे और इन्हें वहां छिपाने में कौन-कौन से लोग शामिल थे, इस संबंध में विस्तृत जानकारी सुरक्षा बलों और पुलिस की गहन जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
विस्फोटकों की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने केजी हिल्स और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। सुरक्षा बलों के जवान आसपास के अन्य संभावित ठिकानों और घने जंगलों में भी व्यापक तलाशी अभियान चला रहे हैं, ताकि माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई किसी भी अन्य सामग्री या हथियार का समय रहते पता लगाया जा सके। इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसियों ने स्थानीय ग्रामीणों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे केजी हिल्स के जंगल क्षेत्र में अनावश्यक रूप से जाने से बचें। पुलिस ने सतर्क करते हुए कहा है कि यदि जंगल में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री दिखाई दे, तो उसे बिल्कुल न छुएं और तुरंत पुलिस अथवा सुरक्षा बलों को इसकी सूचना दें।