ऑनलाइन सट्टा और बेटिंग एप के जरिये सट्टा खिलवाने के मामले में कांकेर की सिटी कोतवाली पुलिस ने धमतरी से फरार आरोपी नितिन वर्दियानी उर्फ निक्की को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 6.80 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। इस प्रकरण में पुलिस सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है, जिनकी पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही थी।
आईपीएल मैच में सट्टेबाजी का भंडाफोड़
मामला 22 मई का है, जब सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ज्ञानी चौक स्थित माखन भोग होटल के पास कुछ लोग मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैच में रुपये-पैसों की हार-जीत का ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की और सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आईपीएल क्रिकेट मैच और अन्य कैसीनो गेम में रुपये-पैसों का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खेल रहे थे। इसके बाद पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 और 8 तथा बीएनएस की धारा 112(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पूछताछ में सामने आया मुख्य आरोपी का नाम
पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से की गई पूछताछ और उनके कथनों के आधार पर नितिन वर्दियानी उर्फ निक्की की भूमिका सामने आई। जांच में पाया गया कि आरोपी ऑनलाइन सट्टा और बेटिंग एप के माध्यम से लोगों से सट्टा खेलने-खिलवाने के साथ-साथ ऑनलाइन सट्टा आईडी भी उपलब्ध कराता था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस की विशेष टीम ने धमतरी जिले के थाना सिटी कोतवाली अंतर्गत आकाश गंगा कॉलोनी फेस-1 निवासी 35 वर्षीय नितिन वर्दियानी पुत्र महेश वर्दियानी को उसके निवास स्थान से तलब किया।
अभिरक्षा में पूछताछ और वाहन समेत आईफोन जब्त
पुलिस टीम आरोपी को अभिरक्षा में लेकर कांकेर आई, जहां पूछताछ के दौरान उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 112(2) का समावेश करते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपी नितिन के कब्जे से 80 हजार रुपये मूल्य का एक आईफोन मोबाइल और 6 लाख रुपये अनुमानित कीमत की कार जब्त की है। पुलिस ने जब्त संपत्ति का अनुमानित मूल्य 6.80 लाख रुपये बताया है।