विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन के बाद सीएम भूपेश बघेल ने जिला प्रशासन के द्वारा लगाए गए विभागीय स्टालों का भी अवलोकन किया। इस के साथ ही विभिन्न विभागों के हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामाग्री व राशि का वितरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि यांत्रिकीकरण पर सबमिशन घटक तीन योजना के 10 हितग्राहियों को ट्रैक्टर एवं कृषि यांत्रिकीकरण पर सबमिशन घटक चार योजना के एक हितग्राही को हार्वेस्टर की चाबी सौंपी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों से चर्चा कर उनका हालचाल जाना।
हितग्राहियों को 2055.60 करोड़ की राशि का किया हस्तांतरण
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती पर सीएम भूपेश बघेल ने किसान न्याय योजनाओं की राशि वितरित की और नवीन राजस्व कार्यालयों का शुभारंभ किया है। किसान, मजदूर, गरीब और गौपालकों को 2055.60 करोड़ की राशि सीधे उनके खाते में भेजी है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बात चाहे खेती-किसानी की हो आदिवासियों के विकास की हो, महिलाओं के सशक्तिकरण की हो, हर नागरिक की आय में बढ़ोतरी की हो, रोजगार की हो, रोजगार के अवसरों के निर्माण की हो, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की हो, शहरी क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार की हो, शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की हो, चिकित्सा सुविधा के विस्तार की हो आज छत्तीसगढ़ में हर क्षेत्र में बड़ा बदलाव दिख रहा है। हमनें व्यक्ति को इकाई मानकर विकास का काम किया है।
सीएम बोले- यह आपकी सरकार है
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आपकी सरकार है किसानों, मजदूरों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, युवाओं सहित सभी की सरकार है। जिनके विकास के लिए हम निरंतर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को 2500 की जगह 4000 रुपये दे रहे हैं, गरीबों को 7 किलो की जगह 35 किलो राशन प्रति परिवार दे रहे हैं, आज हर परिवार के पास राशन कार्ड है। 74 लाख राशन कार्ड बने हैं चाहे वो एपीएल हो या बीपीएल। बिजली बिल हाफ योजना में 42 लाख परिवार को 400 यूनिट तक छूट प्रदान की गयी है। सिंचाई पंपों के करोड़ों रूपए सब्सिडी दी गयी है। आज इस बात की खुशी है कि इन योजनाओं का लाभ लेते हुए लोग खुश हैं। हमारी सरकार ने पौने पांच साल में हर वर्ग के हित में काम किया है।
शराब बंदी पर सीएम ने कही ये बात
शराब बंदी को लेकर पूछे गए सवाल पर सीएम भूपेश ने कहा कि, सबसे पहले बात तो यही ही कि मैं ऐसी कोई योजना नहीं लाऊंगा जिससे लोगों की जान चली जाए, लॉक डाउन के समय में आपने देखा कि पूरे देश में जहां फैक्टरी बंद थी, ट्रांसपोर्टिंग बंद थी तब भी छत्तीसगढ़ में हरियाणा से एमपी से शराब लाई गई। पड़ोसी राज्यों से भी शराब की आपूर्ति की गई। शराब नहीं मिलने पर अनेक लोग सेनेटाइजर पीकर, सॉल्यूशन खाकर, सिरप पीकर अपनी जान दे दी। मैं नशा मुक्त छत्तीसगढ़ की बात करता हूं, यह एक सामाजिक बुराई है जिसे हमें मिलकर खत्म कराना है। जब तक सभी समाज का सहयोग नहीं मिलेगा तब तक नशा मुक्ति की ओर आगे नहीं बढ़ेंगे।
मंत्री ताम्रध्वज साहू को दी बधाई
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंत्री ताम्रध्वज साहू को बधाई देते हुए कहा कि, पहले सीडब्ल्यूसी में थे उन्हें फिर से सीडब्ल्यूसी में मेंबर बनाया गया है। छत्तीसगढ़ की ओर से उन्हें बहुत-बहुत बधाई क्योंकि छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने ने बताया कि, फूलों देवी नेताम को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनको भी बहुत-बहुत बधाई शुभकामनाएं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान सांसद सुनील सोनी के आरोपों पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि चुनाव शुरू नहीं हुआ है , अभी से आरोप। अभी तो आचार संहिता नहीं लगी है, घबराहट पहले से दिख रही है। हार का डर अभी से उनको सताने लगा है।
महासमुंद को नगर निगम और ग्राम भोरिंग को नगर पंचायत बनाने की घोषणा
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के महासमुंद प्रवास के दौरान महासमुंद विधायक व संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने सीएम के सामने महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भोरिंग को नगर पंचायत बनाने और सबसे पुराने 30 वार्डों वाली नगर पालिका महासमुंद को नगर निगम का दर्जा दिलाने के साथ ही जिला मुख्यालय में कंपोजिट बिल्डिंग बनाने की मांग रखी। जिस पर सहमति जताते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंच से महासमुंद को नगर निगम बनाने ग्राम भोरिंग को नगर पंचायत बनाने और जिला मुख्यालय में कंपोजिट बिल्डिंग बनाने की घोषणा की। साथ ही कहा कि, अगले बजट में इसे लेकर प्रस्ताव पारित किया जाएगा।