छत्तीसगढ़ के महासमुंद में पुलिस ने नेशनल हाईवे-53 पर वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से 200 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में कार सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल हैं। दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। ये ओडिशा से गांजा लेकर रायपुर जा रहे थे। पुलिस ने कार सहित गांजा जब्त कर लिया है। उसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। मामला सिंघोडा थाना क्षेत्र का है।
महासमुंद के रास्ते आए दिन गांजे की तस्करी की जाती है। पुलिस ने इसकी रोकथाम के लिए अभियान छेड़ रखा है। वर्ष 2023 में अबतक गांजे के 58 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं और 110 आरोपियों को गिरफ्तारी हुई है। इनसे करीब 11 करोड़ 2 लाख रुपये का 4408 किलो गांजा पुलिस जब्त कर चुकी है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त दो करोड़ के 53 वाहनों को भी पुलिस ने जब्त किया है। बहरहाल इस मामले में पुलिस नें नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश किय है।