बंद घर में फंसे बुजुर्ग की आग में जलकर मौत
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी के अमानाका थाना क्षेत्र के टाटीबंद इलाके में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। बंद घर के भीतर आग लगने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के दौरान बुजुर्ग मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन बाहर से ताला लगे होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मृतक की पहचान राजकुमार गुप्ता के रूप में हुई है। बताया गया कि परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे, जबकि बेटा रोज़ की तरह सुबह काम पर निकल गया था। जाते समय उसने घर को बाहर से ताला लगा दिया था। बुजुर्ग नीचे के कमरे में सो रहे थे, जहां रूम हीटर चालू होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह रूम हीटर को माना जा रहा है।
सुबह करीब साढ़े सात बजे पड़ोसियों ने घर से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। अंदर से बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता और बंद ताले के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक आग पूरे घर को अपनी चपेट में ले चुकी थी और बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी। इस देरी को लेकर क्षेत्र में लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया।
दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने के बाद घर के भीतर से बुजुर्ग का जला हुआ शव बरामद किया गया। सूचना मिलते ही अमानाका थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल आग लगने की वजह रूम हीटर मानी जा रही है, वहीं दमकल विभाग की प्रतिक्रिया समय को लेकर भी स्थिति की समीक्षा की जा रही है।