छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर 21 सितंबर से रात 9 बजे से 28 सितंबर की रात 12 बजे तक पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। प्रशासन ने पूरी राजधानी को पूर्ण कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। वहीं, लॉकडाउन के दौरान दिशानिर्देशों को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में जिले के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बताया गया है कि आज देर शाम तक लॉकडाउन को लेकर आदेश जारी किया जाएगा। वहीं, इस दौरान सिर्फ आवश्यक चीजों की अनुमति होगी, लेकिन इन्हें भी केवल निर्धारित समय तक खोला जाएगा।
राजधानी में लगातार कोरोना के मामलों में इजाफा हो रहा है। इस कारण प्रशासन ने तय किया है कि एक बार फिर पूर्ण लॉकडाउन लागू किया जाए। वहीं, छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3,842 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, इस दौरान 17 लोगों ने कोरोना से अपनी जान गंवाई।
दूसरी तरफ, देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी में शनिवार को थोड़ी कमी आई। हालांकि आंकड़ा 90 हजार के पार ही है। शनिवार को 93,337 नए मामले सामने आए। इन नए मामलों के साथ देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या बढ़कर 53 लाख से अधिक हो गई है। लेकिन, राहत की बात यह है कि बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। आंकड़े के अनुसार, अब तक 42 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह अद्यतन किए गए आंकड़े के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 1,247 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 85,619 गई है।
देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 53,08,015 हो गए हैं, जिनमें से 10,13,964 लोगों का उपचार चल रहा है और 42,08,432 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। शनिवार को देशभर में 95,880 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी गई। संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।