प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर चल रही अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने साफ कहा कि पार्टी में कौन प्रदेश अध्यक्ष बनेगा और किसे नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी मिलेगी, यह पूरी तरह हाईकमान का अधिकार है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की चर्चाओं के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बड़ा बयान सामने आया है। प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर चल रही अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने साफ कहा कि पार्टी में कौन प्रदेश अध्यक्ष बनेगा और किसे नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी मिलेगी, यह पूरी तरह हाईकमान का अधिकार है।
विज्ञापन
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बयानों को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेश बघेल ने कहा कि वह उनके किसी बयान पर टिप्पणी नहीं करते। उन्होंने वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का समर्थन करते हुए कहा कि पिछले तीन से साढ़े तीन वर्षों से पूरी कांग्रेस पार्टी उनके नेतृत्व में काम कर रही है।
इधर प्रेसवार्ता के दौरान भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ रहा है और हालात “अघोषित आपातकाल” जैसे बनते जा रहे हैं। बघेल ने आरोप लगाया कि मीडिया और कारोबारी वर्ग पर दबाव बनाया जा रहा है, जिससे लोकतंत्र कमजोर हो रहा है।
विज्ञापन
उन्होंने युवाओं को लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि नई पीढ़ी में बदलाव लाने की क्षमता है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी युवाओं को संगठन में आगे लाने की बात कर रहे हैं और आने वाले संगठन चुनावों में युवा नेतृत्व को प्राथमिकता दी जाएगी।
भूपेश बघेल ने कहा कि युवा कांग्रेस, मुख्य कांग्रेस संगठन की सबसे मजबूत इकाई बनकर उभर रही है। सदस्यता अभियान के बाद संगठन चुनाव होंगे और लोकतंत्र को मजबूत करने में युवाओं की बड़ी भूमिका रहेगी।
आर्थिक मुद्दों पर भी केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए उन्होंने पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाया। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ में बिजली संकट और बढ़ती कटौती को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता महंगाई और बिजली समस्याओं से परेशान है तथा इन चुनौतियों से निपटने के लिए देश के युवाओं को आगे आना होगा।