जिले के मानिकपुर चौकी अंतर्गत मुड़ापार दशहरा मैदान में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार मुड़ापार में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचने वाले थे। उनके आने से पहले ही मैदान में लगे साउंड बॉक्स में डांस को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि डांस के दौरान 22 वर्षीय राहुल कुमार उर्फ गोल्डन का आरोपी बिट्टू चौहान के साथ विवाद हो गया। जिसके चलते राहुल ने बिट्टू चौहान को धक्का देकर थप्पड़ मार दिया। इसके बाद बिट्टू का दोस्त विजय चौहान वहां पहुंचा तो राहुल ने उसे भी थप्पड़ मार दिया। इस बात से गुस्साए बिट्टू, विजय और उनके साथी सीपू चौहान समेत अन्य ने रावण दहन स्थल के पीछे गली में ले जाकर राहुल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी फैल गई। घायल हालत में राहुल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: कोरबा: राशन लेने निकली 7 साल की मासूम बच्ची रहस्यमय ढंग से लापता, पुलिस और परिजन तलाश में जुटे
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया और साक्ष्य जुटाए। लाइव वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने रातभर पतासाजी कर तीन आरोपियों बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने धारदार हथियार को जब्त कर लिया है और फरार आरोपी के पास भी एक हथियार होने की जानकारी मिली है, जिसे जल्द जब्त कर लिया जाएगा।
पुलिस ने आरोपियों को सबक सिखाने के लिए उनका आधा सिर भी मुंडवा दिया है, फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।