फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Korba: फोटो खींचने देवपहरी झरने के पास पहुंचे थे 3 दोस्त, अचानक पानी बढ़ने से टापू पर फंसे, रेस्क्यू टीम रवाना

Tue, 25 Aug 2026 08:32 AM IST
कोरबा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोरबा

सार

तेज बारिश के बीच देवपहरी जलप्रपात पर घूमने गए तीन युवक अचानक पानी बढ़ने से बीच टापू पर फंस गए। अंधेरे और तेज बहाव के बीच तीनों छतरी में शरण लेकर रेस्क्यू टीम के संपर्क में हैं। एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम उन्हें सुरक्षित निकालने में जुटी है।
विज्ञापन
देवपहरी जलप्रपात - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सोमवार से हो रही लगातार बारिश से हसदेव नदी उफान पर है। इसी बीच देवपहरी जलप्रपात में तीन युवक पानी से घिरे टापू पर फंस गए हैं। तीनों ने बीच में बनी छतरी में शरण ली है और रेस्क्यू टीम से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क में हैं। अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही है।

विज्ञापन


फोटो खींचने पहुंचे थे, अचानक बढ़ा पानी
फंसे युवकों की पहचान धनेश्वर सारथी, घनश्याम महंत और सूरज सारथी के रूप में हुई है। तीनों गुरमा श्यांग के रहने वाले हैं। बताया गया कि तीनों दोस्त सतरेंगा घूमने गए थे। वहां फोटो खींचने के बाद मौसम को देखते हुए देवपहरी जलप्रपात पहुंचे थे। जलप्रपात में फोटो खींचने के बाद जैसे ही वे वहां से निकलने वाले थे, अचानक पानी का बहाव बढ़ गया। इसके चलते तीनों पानी के बीच बने टापू पर फंस गए। फिलहाल तीनों ने वहां बनी छतरी में शरण ले रखी है।

ये भी पढ़ें: CG: सीएम साय ने दी बड़ी सौगात; करीब डेढ़ लाख श्रमिकों के एकाउंट में ट्रांसफर किए 39.67 करोड़,फटाफट करें चेक
विज्ञापन


रेस्क्यू टीम ने वीडियो कॉल के जरिए युवकों से संपर्क किया। बातचीत के दौरान युवकों ने बताया कि चारों तरफ अंधेरा है और कोई रोशनी नजर नहीं आ रही। टॉर्च की रोशनी से ही आसपास थोड़ा दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि वे पानी के बीच फंसे हुए हैं। रेस्क्यू टीम के हेड जितेन सारथी ने वीडियो कॉल पर युवकों को ढांढस बंधाते हुए घबराने से मना किया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच रही है। टीम ने युवकों से पूछा कि उनके पास गर्म कपड़े हैं या नहीं। इस पर उन्होंने बताया कि वे सिर्फ रेनकोट पहने हुए हैं। रेस्क्यू टीम ने उन्हें सलाह दी कि यदि पानी का बहाव और बढ़े तो खुद को खंभे से बांधकर सुरक्षित रखें और हिम्मत बनाए रखें।

टॉर्च की रोशनी से लोकेशन ट्रेस
रेस्क्यू टीम टॉर्च की रोशनी और वीडियो कॉल के जरिए युवकों की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। हालांकि तेज बहाव, लगातार बारिश के कारण मौके तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही लेमरू और घटकेसर थाना पुलिस को मौके के लिए रवाना किया गया है। साथ ही एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू के लिए कार्रवाई कर रही है।
विज्ञापन


प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश के दौरान जलप्रपात, नदी और नालों के पास जाने से बचें, क्योंकि जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। फिलहाल तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम लगातार प्रयास कर रही है।

 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें